हिमाचल: ज्वाईंट डायरेक्टर घूस लेते गिरफ्तार, मुख्यमंत्री तक पहुंची आंच
सीबीआई ने मंगलवार सुबह उद्योग विभाग के ज्वाइंट डायरेक्टर को लाखों रुपये लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया था जिसके बाद उद्योग विभाग में हड़कंप मच गया था।
शिमला। सीबीआई ने मंगलवार सुबह उद्योग विभाग के ज्वाइंट डायरेक्टर को लाखों रुपये लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया था जिसके बाद उद्योग विभाग में हड़कंप मच गया था। सीबीआई ने जब इस मामले में जांच कर प्राथमिकी दायर की तो इस मामले ने नया ही मोड़ ले लिया। सीबीआई की ओर दायर से प्राथमिकी में मुख्यमंत्री के दिल्ली में निजी सचिव के तौर पर तैनात रघुवंशी का नाम भी सामने आया है। एफआईआर की कापी जो वन इंडिया के पास है में साफ तौर रघुवंशी का भी जिक्र है।

दो दिन के रिमांड पर भेजे गए ज्वाईंट डायरेक्टर
रिश्वत मांगने व लेने के आरोपी हिमाचल प्रदेश सरकार में उद्योग विभाग के ज्वाइंट डायरेक्टर व एक अन्य व्यक्ति को चंडीगढ़ सीबीआई की विशेष अदालत में पेश किया गया। जहां से आरोपियों को दो दिन के रिमांड पर भेज दिया गया है। रिश्वत की बड़ी डिमांड करने वाले उद्योग विभाग के संयुक्त निदेशक तिलकराज की गिरफ्तारी चंडीगढ़ में हुई थी। इस मामले में अभी कुछ और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है। इस बीच सीबीआई की टीम ने आरोपी के सेक्टर 19 (सी) चंडीगढ़ स्थित आवास पर छापामारी की और वहां से करीब 38960 रुपये, कुछ अमेरिकी डॉलर, यूरो, 170 ग्राम गोल्ड, 350 ग्राम चांदी, एलआईसी पॉलिसी संबंधित कुछ दस्तावेज और बैंक लॉकर की बरामद की है। आरोपी के ऑफिस में छापामारी जारी है।

5 लाख की घूस के साथ पकड़े गए
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक उद्योग विभाग के संयुक्त निदेशक को करीब 5 लाख रुपए की रिश्वत के साथ पकड़ा गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने कैपिटल सबसिडी के भुगतान को लेकर पैसे की मांग की थी, जिसमें कंपनी को करीब 50 लाख रुपए मिलने थे। पता चला है कि इसी के चलते संयुक्त निदेशक ने अपने एक करीबी कंपनी के साथ टाइअप करने को कहा था, जिसके बाद यह सारी प्लानिंग की गई। हालांकि बताया यह भी जा रहा है कि आरोपी ने 10 लाख रुपए की डिमांड की थी और चंडीगढ़ के सेक्टर 8 में कंपनी के प्रतिनिधि और संयुक्त निदेशक के बीच मीटिंग हुई थी।

और भी खुलासे हो सकते है
सीबीआई को इस मीटिंग के वीडियो और ऑडियो रिकार्ड मिलने के बाद ही आरोपी के चंडीगढ़ आवास पर छापेमारी की गई। इस वक्त संयुक्त निदेशक से सीबीआई चंडीगढ स्थित सेक्टर-30 में पूछताछ चल रही है। उद्योग विभाग के संयुक्त निदेशक रिश्वत मामले के छींटे सचिवालय के बड़े दफ्तर तक पहुंचते नजर आ रहे हैं। ऐसा इस मामले में सचिवालय के उक्त बड़े दफ्तर से संबंधित एक शख्स का नाम सामने आने के बाद लग रहा है। रिश्वत मांगें जाने के इस मामले की एफआईआर में बकायदा इस शख्स के नाम का जिक्र है। अब इस शख्स के नाम का जिक्र क्यों हुआ यह तो जांच के बाद ही पता चल पाएगा, लेकिन इतना तो साफ है कि यह मामला आने वाले दिनों में काफी गरमाने वाला है।












Click it and Unblock the Notifications