हिमाचल परिवहन निगम की बस नदी में जा गिरी, 4 की मौत
शिमला। हिमाचल प्रदेश में इन दिनों हो रहे सड़क हादसों के बीच किन्नौर जिला में हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस हादसे का शिकार हो गई जिसमें चार लोगों की मौत का समाचार है। मिली जानकारी के मुताबिक, शनिवार देर शाम किन्नौर जिला में प्रदेश पथ परिवहन निगम की बस जो रिकांगपिओ से हांगो की तरफ जा रही थी। लियो नामक स्थान पर अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी, जिससे चार लोगों की मौत हो गई।

हादसे में मरने वालों की पहचान चालक नंद लाल पुत्र प्रकाश चंद निवासी कांगड़ा जिला, राकेश (जोकि प्लंबर का काम करता था) पुत्र रमेश निवासी हमीरपुर, उत्तम दासी व भगवान दास निवासी किन्नौर के रूप में हुई है।
वहीं, घायल हुए तीन लोगों को पुह आर्मी अस्पताल ले जाया गया है। हादसा कैसे हुआ, फिलहाल इसके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। सीएचसी पुह में शवों का रविवार को पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। मृतकों के परिजनों और घायलों को प्रशासन ने फौरी राहत प्रदान कर दी है। वहीं, हादसे पर सीएम जयराम ठाकुर ने शोक जताया है। उन्होंने कहा कि घायलों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराई जाएगी।
इस बीच परिवहन मंत्री गोविन्दर सिंह ठाकुर ने कहा है कि किन्नौर बस हादसे का अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ है। इस हादसे का हम सभी को गहरा शोक है और मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट करता हूं। दु:ख की इस घड़ी में सरकार सभी प्रभावित परिवारों के साथ है। उन्होंने बताया कि स्थानीय प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्यों के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये हैं।












Click it and Unblock the Notifications