कसौली कांड को लेकर जयराम सरकार के खिलाफ राजभवन पहुंची कांग्रेस
शिमला। एक और गुरुवार को हिमाचल सरकार को कसौली गोलीकांड को लेकर प्रदेश सरकार को सुप्रीम कोर्ट की नाराजगी झेलनी पड़ी तो दूसरी ओर विपक्षी दल कांग्रेस ने राजभवन में जाकर प्रदेश के राज्यपाल के समक्ष प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था पर चिंता जताते हुए जय राम सरकार को घेरा।

राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन
गुरूवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविन्दर सिंह सुक्खू के साथ पार्टी के नेता राजभवन पहुंचे व राज्यपाल आचार्य देवव्रत से मिले और उन्हें ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस पार्टी ने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में कानून नाम की कोई चीज नहीं रह गई है। महिलाएं तो दूर यहां छोटी बच्चियां भी महफूज नहीं रह गई हैं। प्रदेश में अब एक महिला अधिकारी की पुलिस और प्रशासन के सामने सरेआम गोली मार कर हत्या कर दी जाती है और प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है।

प्रदेश में छात्राएं सुरक्षित नहीं
इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुक्खू ने कहा कि प्रदेश की छात्राएं अब स्कूल में भी सुरक्षित नहीं हैं। अखबारों में ऐसी खबरें छप रही हैं कि अध्यापक ही लड़कियों के साथ छेड़छाड़ कर रहे हैं। लेकिन मुख्यमंत्री को इस बारे में महिला सुरक्षा के ऊपर सख्त कदम उठाने चाहिए। सुक्खू ने उन्हें दो टूक शब्दों में प्रदेश में बिगड़ रही कानून व्यवस्था पर घेरा है। साथ ही कोटखाई हत्या मामले में उन्होंने कहा कि गुडिय़ा के परिवारवालों को न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कभी गुडिय़ा हत्या मामले पर राजनीति नहीं की है। सुक्खू ने कहा कि जयराम सरकार को अपनी इच्छा शक्ति का परिचय देते हुए कानून व्यवस्था को दुरूस्त करने की जरूरत है। राज्यपाल से मिलने वालों में विधायक रामलाल ठाकुर, मुकेश अग्निहोत्री, विक्रमादित्य सिंह, ठाकुर सिंह भरमौरी, रोहित ठाकुर, हर्षवर्धन चौहान, नरेश चौहान व महेंद्र चौहान शामिल थे।

कांग्रेस ने फूंका पुतला
इससे पहले प्रदेशभर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को सीएम जयराम ठाकुर के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए जगह-जगह उनके पुतले भी फूंके थे। इस दौरान प्रदर्शन के दौरान बीजेपी सरकार के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की थी। कई स्थानों पर पुतला जलाने के लेकर पुलिस व कार्यकर्ताओं के बीच झड़प भी हुई थी।












Click it and Unblock the Notifications