Axis My India Exit Poll 2022: हिमाचल में बीजेपी-कांग्रेस में कड़ी टक्कर, AAP की हालत खराब
हिमाचल प्रदेश में पिछले महीने ही वोटिंग हो गई थी, तब से वहां की जनता रिजल्ट का इंतजार कर रही। वैसे गुजरात में दूसरे चरण का मतदान खत्म होते ही एग्जिट पोल के नतीजे आ गए।

गुजरात के साथ हिमाचल में भी विधानसभा के चुनाव हुए हैं, जहां 12 नवंबर को ही वोटिंग हो गई थी। तब से वहां की जनता रिजल्ट का इंतजार कर रही। चुनाव आयोग गुजरात के साथ ही हिमाचल का परिणाम 8 दिसंबर को घोषित करेगा, लेकिन उससे पहले एग्जिट पोल के नतीजे आ गए हैं। पहाड़ी राज्य हिमाचल में बीजेपी और कांग्रेस के बीच कड़ी टक्कर होती नजर आ रही। राज्य में आम आदमी पार्टी ने भी काफी ज्यादा मेहनत की थी, लेकिन उसके हाथ निराशा लगी है।
Axis My India के एग्जिट पोल के मुताबिक हिमाचल में बीजेपी को 24-34 सीटें मिल सकती हैं, जबकि कांग्रेस के लिए ये आंकड़ा 30-40 सीटों का रहेगा। ऐसे में देखा जाए तो दोनों में कड़ी टक्कर है। वहीं सर्वे में आम आदमी पार्टी को जीरो सीटें दिखाई गईं और अन्य के लिए आंकड़ा 04-08 सीटों का रहा। अगर परिणाम आने पर बीजेपी और कांग्रेस को बहुमत नहीं मिला, तो ये अन्य ही सरकार बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे। वहीं एग्जिट पोल में बीजेपी को 42 प्रतिशत, कांग्रेस को 44 प्रतिशत और AAP को 2 प्रतिशत वोट शेयर मिला है।
इस बार कितनी सीटें थीं आरक्षित?
हिमाचल विधानसभा में कुल 68 सीटें हैं, जिसमें बहुमत के लिए 35 सीटें जीतना जरूरी है। इस बार चुनाव आयोग ने 48 सीटों को अनारक्षित रखा था, जिस पर सभी जातियों के प्रत्याशी चुनाव लड़े, जबकि 17 सीटें अनुसूचित जाति और 3 सीटें अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित थीं।
क्या था 2017 में रिजल्ट?
हिमाचल प्रदेश में इससे पहले 2017 में चुनाव हुए थे, उस दौरान बीजेपी ने 44 सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाई थी, जबकि कांग्रेस के खाते में 21 सीटें गईं। इसके अलावा सीपीआई (एम) को एक सीट और दो निर्दलीय विधायक जीते थे।
क्या था पिछला वोट शेयर?
बीजेपी- 48.79 प्रतिशत
कांग्रेस- 41.68 प्रतिशत
सीपीआई (एम)- 1.47 प्रतिशत
निर्दलीय- 6.34 प्रतिशत












Click it and Unblock the Notifications