हॉस्पिटल में नर्स से प्रेमी की हुई कहासुनी, वहीं सर्जिकल ब्लेड से काट दिया गला
शिमला। नर्सिंग पेशे से जुड़ी हिमाचल प्रदेश की एक युवती का उसके आशिक ने बेरहमी से जम्मू में कत्ल कर दिया व खुद भी आत्महत्या करने का प्रयास किया। हलांकि सनकी आशिक को पुलिस ने धर दबोचा है। मृतका के परिजनों को जैसे ही यह खबर पता चली। पूरे गांव में मातम पसर गया है।

अस्पताल में सहकर्मी से प्रेम-प्रसंग
मिली जानकारी के मुताबिक, हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा के शहपुर से सटे घरोह की रहने वाली 24 वर्षीय वैशाली का उसके साथ काम करने वाले सहकर्मी ने बड़ी बेरहमी के साथ कत्ल कर दिया। मृतका जम्मू के कटड़ा में माता वैष्णो श्राइन बोर्ड के नारयणा सुपर स्पेशिएलिटी अस्पताल में बतौर नर्स कार्यरत थीं। उसका अस्पताल में काम करने वाले वपन के साथ प्रेम प्रसंग था। किसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई।

आरोपी ने की खुदकुशी की कोशिश
झगड़े के दौरान ही पवन ने सर्जिकल ब्लेड से अपनी प्रेमिका का गला काट दिया। इससे पहले की कोई कुछ समझ पाता पीड़िता की मौत हो चुकी थी। उसके बाद आरोपी ने खुद भी आत्महत्या का प्रयास किया और अपनी हाथ की नसें काट लीं लेकिन उसे बचा लिया गया। बताया जा रहा है कि पुलिस ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान 24 वर्षीय पवन के रूप में हुई है। वह जम्मू का रहने वाला है।

जम्मू पुलिस कर रही मामले की जांच
बताया जा रहा है कि शाहपुर के घरोह निवासी वैशाली ने जम्मू से ही नर्सिंग की थी और हाल ही में उसकी वहां नौकरी लगी थी। वैशाली के पिता राम लाल घरोह में बार्बर का काम करते हैं। वैशाली की माता विद्युत परियोजना में कार्यरत है। कुछ दिन पहले ही वैशाली घर आई थी। बेटी की हत्या की खबर लगते ही पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है। जम्मू पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं. पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। कांगड़ा से परिवार के लोग शव को लाने के लिये जम्मू रवाना हो चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications