Hathras: चंदे से बनवाई सड़क, लिखा: 'गली का निर्माण हमने कराया है, जनप्रतिनिधि वोट मांगने न आएं'
उत्तर प्रदेश के हाथरस से एक बेहद ही दिलचस्प मामला सामने आया है। यहां पिछले काफी समय से नगर पालिका परिषद और जनप्रतिनिधियों से गली का निर्माण कराने की मांग कर रहे लोगों ने तंग आकर चंदा एकत्र किया और गली में खुद ही सड़क बनवा डाली। फिर उसपर बोर्ड लगवा दिया कि इस गली का निर्माण हमने खुद कराया है, कृपया वोट मांगने न आएं। यह बोर्ड शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है।
जनप्रतिनिधियों से परेशान लोगों ने खुद ही बनवा डाली सड़क
दरअसल, यह मामला हाथरस जनपद के मुरसान गेट क्षेत्र अंतर्गत रामा प्रैस गली का है। जानकारी अनुसार यहां के निवासी काफी लंबे समय से अपनी गली के निर्माण के लिए नगर पालिका परिषद और निर्वाचित जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाई। तमाम चक्कर लगाने के बाद भी गली का निर्माण नहीं हो सका। जिसके बाद गली के रहने वालों ने निर्णय लिया कि वह खुद ही अपने पैसों से सड़क का निर्माण कराएंगे। फिर उन्होंने सड़क के निर्माण के लिए ठेकेदार का चयन किया और खर्चे की जानकारी ली।

ऐसे हुआ सड़क का निर्माण
इसके बाद गली के लोगों ने खुद ही चंदा इखट्टा करना शुरू किया। धीरे-धीरे जब काम लायक धनराशि एकत्रित हो गई, तब उन्होंने इटरलॉकिंग और आरसीसी सड़क बनवाई। इसके निर्माण में करीब 40 हजार रुपये का खर्च आया। स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क के ज्यादा टूटे हिस्से पर आरसीसी से कार्य कराया गया और शेष पर इटरलॉकिंग कार्य कराया गया है।

खुद ही डलवाई थी सीवर लाइन
आपको बताते चलें कि लगातार गुहार लगाने के बाद भी मोहल्ले वालों को सीवर लाइन भी इसी तरह खुद ही डलवानी पड़ी थी। इसमें भी करीब 30 हजार रुपये का खर्च आया था और उसके लिए भी चंदा एकत्र किया गया था। अब मोहल्ले के लोगों ने तय किया है कि वह जनप्रतिनिधियों के आश्वासन पर निर्भर नहीं रहेंगे।
'कृपया जनप्रतिनिधि गली में वोट मांगने न आएं'
वहीं स्थानीय निवासी विनोद का कहना है कि 'हम गलीवासियों ने खुद अपने पैसे से सड़क का निर्माण कराया है। सड़क निर्माण से पूर्व सीवर लाइन भी अपने ही पैसे से डलवाई थी। इसलिए, अगर सारा काम हमे खुद ही करना है तो अब जनप्रतिनिधियों की कोई जरूरत ही नहीं है। जिसके चलते हमने बोर्ड लगाकर साफ़ कर दिया है कि 'कृपया जनप्रतिनिधि कहने वाले गली में वोट मांगने न आएं।'












Click it and Unblock the Notifications