हाथरस: बेटी से छेड़छाड़ की शिकायत पुलिस से करना पिता को पड़ा महंगा, शोहदों ने गोलियों से भूना
हाथरस। महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार मिशन शक्ति चला रही है। लेकिन महिलाओं और छात्राओं के खिलाफ हो रही अपराध की घटनाएं कम होने का नाम नहीं ले रही। ताजा मामला हाथरस जिले का है। यहां बेटी से छेड़छाड़ की शिकायत करना एक पिता को महंगा पड़ गया। शिकायत से बौखलाए शोहदों ने सोमवार की देर शाम पीड़िता की पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना की सूचना पर पहुंच पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। वहीं, चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
Recommended Video

ये मामला सासनी थाना क्षेत्र के एक गांव का है। खबर के मुताबिक, पीड़िता का पिता सोमवार की शाम को अपने खेत में आलू की खुदाई कर रहा था। तभी वहां पहुंचे चार लोगों ने अमरीश पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से अमरीश घायल हो गया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अमरीश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस वारदात की जानकारी मिलने के बाद थाना पुलिस के साथ घटनास्थल पर पंहुचे एसपी विनीत जायसवाल ने मौका मुआयना करते हुए शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। वहीं, एसपी ने बताया है कि वारदात के सिलसिले में मृतक के परिजनों द्वारा चार आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर दी गई है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी ललित शर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया है। फरार तीनों आरोपियों की तलाश अभी जारी है। मामले की जांच की जा रही है, जो तथ्य निकल कर सामने आएंगे उनके मुताबिक कार्रवाई की जाएंगी।
ढाई साल पुराना है विवाद
एसपी ने बताया कि गौरव शर्मा के खिलाफ 16 जुलाई, 2018 को सासनी थाना पर छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज कराया गया था। इस मामले में पुलिस ने अभियुक्त गौरव शर्मा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। फिलहाल गौरव शर्मा जमानत पर बाहर आ गया था। 01 मई, 2021 को गौरव की पत्नी व मौसी की मृतक अमरीश की बेटियों के बीच कहासुनी हो गई। जिसके बाद गौरव शर्मा ने अपनी मौसी के बेटे तथा उसके दोस्तों को बुलाकर घटना को अंजाम दिया है।












Click it and Unblock the Notifications