हाथरस केस: कांग्रेस नेता श्योराज जीवन ने कहा- हमारी बहनों की तरफ गलत नजर से देखा तो आंख निकाल लेंगे
हाथरस। हाथरस मामले को लेकर कांग्रेस नेता श्योराज जीवन का एक वीडियो वायरल हुआ है। इस वीडियो में श्योराज आरोपियों के हाथ काटने, आंख निकालने की धमकी देते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि श्योराज जीवन के खिलाफ एक्शन हो सकता है। बता दें, सीएम योगी के निर्देश पर हाथरस गैंगरेप पीड़िता के परिवार की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। परिवार के सभी सदस्यों और घर के इर्द-गिर्द को ट्रिपल लेयर सिक्युरिटी का घेरा तैयार किया जा रहा है। इस बीच आरोपियों के हाथ काटने, आंख निकालने की धमकी देने के वीडियो से हड़कंप मच गया है।

किसी ने गलत नज़र से देखा तो आंख निकाल लेंगे...
कांग्रेस नेता श्योराज जीवन वीडियो में कह रहे हैं, ''आज हम बूलघड़ी गांव में बैठे हैं। इस गांव में एक बहादुर बेटी रहती थी। आरोपियों ने उसकी अस्मत लूटने का प्रयास किया। मैं अपने समाज से यह कहने आया हूं कि अपने को कमजोर मत समझना। हमारी बहनों की तरफ यदि किसी ने हाथ उठाया तो हम उसका हाथ काट देंगे। किसी ने गलत नज़र से देखा तो आंख निकाल लेंगे।''
पीड़ित परिवार की सुरक्षा बढ़ाई गई
बता दें, हाथरस कांड के पीड़ित परिवार की सुरक्षा बढ़ाने का काम उत्तर प्रदेश पुलिस ने शुरू कर दिया है। दरअसल, सुप्रीम कोर्ट में मंगलवार को हुई सुनवाई के दौरान हाथरस के पीड़ित परिवार और गवाहों की सुरक्षा का मुद्दा भी उठा। कोर्ट ने यूपी सरकार को ताकीद किया है कि परिवार की सुरक्षा तय करे और इस बारे में एक हलफनामा दे। जिसके बाद उत्तर प्रदेश सराकर ने सुप्रीम कोर्ट में परिवार को पूर्ण रूप से सुरक्षा देने का भरोसा दिया था। बुधवार को पीड़िता के घर के बाहर मेटल डिटेक्टर और कुछ स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए। सीसी कैमरे लगाने के लिए अधिकारियों ने पीड़िता के परिवार से सहमति ली है।












Click it and Unblock the Notifications