हाथरस कांड के आरोपियों से जेल में मिलने पर घिरे भाजपा सांसद राजवीर दिलेर, बोले- मैं तो चाय पीने गया था
हाथरस। हाथरस के भाजपा सांसद राजवीर सिंह दिलेर इस समय नए विवादों में घिर गए हैं। दरअसल, सांसद राजवीर सिंह दिलेर सोमवार को जिला जेल पहुंचे थे। विपक्ष ने इस पर आपत्ति जाहिर करते हुए कहा कि एक जनप्रतिनिधि को उस कारागार में जाने से बचना चाहिए था, जहां चर्चित हाथरस कांड के आरोप बंद है। हालांकि, सांसद ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि वो जेलर के बुलावे पर कारागार परिसर स्थित उनके कार्यालय में चाय पीने गए थे।

राजवीर सिंह दिलेर ने मीडिया से बातचीत में बताया कि सोमवार को वो जनता के काम से एसएसपी आवास गए थे। इस दौरान मुझे पता चला कि एसएसपी क्वारंटाइन है, उनको कोरोना हो गया है। जब मैं वहां से वापस आ रहा था रास्ते में जेल पड़ती है। कुछ लोग जेल के गेट के सामने खड़े हुए थे। वह मुझसे बात करने लगे। तभी जिला जेल के जेलर बाहर निकले और वो मेरे पास आ गए। उन्होंने मुझे से चाय पीने के लिए अपने कार्यालय में बुला लिया तो मैं उनके साथ चला गया।
हाथरस कांड के किसी व्यक्ति से मिलना या उनसे मुझे जोड़ना यह सब कुछ निराधार है। मैं किसी आरोपी से मिलने नहीं गया हूं, ना मैंने मिलने का कभी सोचा है। गौरतलब है कि हाथरस में दलित समुदाय की महिला के साथ कथित सामूहिक बलात्कार और उसकी मौत के मामले में सभी चार आरोपी इसी कारागार में बंद हैं।
MLA दलबीर सिंह पहुंचे जेल
सांसद राजवीर दिलेर के अलीगढ़ जिला जेल जाने का मामाल ठंडा भी नहीं था, कि वही अब बरौली विधायक अलीगढ़ की जिला जेल पहुंचे। जेल के अंदर से वह करीब 45 मिनट बाद बाहर आए। सांसद के बाद अब विधायक के जेल में जाने से चर्चाओं का बाजार गरम है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बरौली विधानसभा से भाजपा विधायक दलबीर सिंह का काफिला सोमवार सुबह अलीगढ़ जिला कारागार पहुंचा। काफिले में उनके साथ कार्यकर्ता भी शामिल रहे। विधायक सीधे जेल के अंदर गये। करीब 45 मिनट बाद बाहर आये। वह बाहर आये तो शुरुआत में मीडिया के सवालों से बचते नजर आये। बाद में उन्होंने कहा कि जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहे एक बंदी के सिलसिले में अधिवक्ता के साथ जेल आए हैं। वहीं, चर्चा है कि विधायक जेल में बंद उन चारों आरोपियों को मिलने पहुंचे थे, जो हाथरस प्रकरण में बंद हैं। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।












Click it and Unblock the Notifications