हरियाणा के 3 नाबालिग लड़के यमुना में नहाने गए, तैरना नहीं आता था, तीनों डूबे, शव यूपी से बरामद
यमुनानगर। यमुना नदी में नहाने गए 3 दोस्तों की डूबने से जान चली गई। उनमें से किसी को तैरना नहीं आता था। तीनों नाबालिग ही थे। वे हरियाणा के गांव सारण, नाहरपुर और बरहेड़ी के रहने वाले थे। पुलिस को जब सूचना मिली कि गुरुवार दोपहर लड़के ढिक्का टपरी गांव के पास नदी में डूब गए हैं, तो उनकी खोज की जाने लगी। हालांकि पता चला कि, वह इलाका उत्तर प्रदेश में पड़ता है। किसी तरह उनकी लाशें नदी से निकाली गईं। उनके शव को एंबुलेंस में रखा गया। घरवाले भी मौके पर एकत्रित हो गए।

नाबालिग थे, अलग-अलग गांव के थे
पुलिस ने बताया कि, मृतकों की पहचान गांव सारण निवासी राहुल (17), नाहरपुर निवासी हैप्पी (14) और बरहेड़ी निवासी विशेष (14) के तौर पर हुई है। वे आपस में दोस्त थे। तीनों को आसपास के गांव के लोगों ने पानी से निकाला। बाद में लाशों को पुलिस ने कब्जे में लिया। पुलिस ने कहा कि, शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराएंगे। यूपी पुलिस का कहना है वो आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

3 बहनों का इकलौता भाई था राहुल
मृतकों में से राहुल तीन बहनों का इकलौता भाई था। स्थानीय लोगों ने बताया कि, तीनों दोस्त गुरुवार दोपहर को घर से निकले थे। इसके बाद वे नदी पर पहुंचे। तीनों में से किसी को तैरना नहीं आता था। जैसे ही नदी में नहाने कूदे, डूबने लगे। यह हादसा ढिक्का टपरी गांव के पास हुआ, जो कि यूपी की सीमा में आता है। हालांकि, हरियाणा पुलिस भी उन्हें खोजने गई।












Click it and Unblock the Notifications