तेज बारिश के बाद गुरुग्राम में 3 मंजिला इमारत ढही, 3 लोगों की मौत
नई दिल्ली, 19 जुलाई: मानसून आने के बाद से ही तेज बारिश ने तबाही मचाना शुरू कर दिया है। इस बीच रविवार रात राजधानी दिल्ली से लगते गुरुग्राम में तीन मंजिला इमारत ढह गई। जिसमें 3 लोगों की मौत की खबर सामने आई है, वहीं एक शख्स घायल हुआ है। सूचना के बाद आनन-फानन में पहुंची प्रशासनिक टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू करवाया, जिसमें कुछ लोगों को निकाला गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कुछ ही घंटों के अंदर सिविल डिफेंस और एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंच गई थी।
Recommended Video

जानकारी के मुताबिक गुरुग्राम के पटौदी रोड स्थित ख्वासपुर गांव में तेज बारिश के बाद तीन मंजिला इमारत गिर गई। तेज धमाके जैसी आवाज सुन लोग मौके पर पहुंचे, तो वहां पर उनको चारों ओर मलबा बिखरा मिला। इसके बाद पुलिस, दमकल, सिविल डिफेंस, एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। रात साढ़े नौ बजे के करीब एक शख्स को मलबा हटाकर बाहर निकाला गया, जिसकी सांसें चल रही थीं। इसके बाद तुरंत उसको अस्पताल भेजा गया।
वहीं अब हादसे के बाद एनडीआरएफ सहायक कमांडर ने जानकारी देते हुए बताया कि गुरुग्राम के खवासपुर इलाके में तीन मंजिला इमारत गिरने से तीन शव बरामद हुए और एक व्यक्ति घायल हो गया। हम अगले 1-2 घंटों में मलबा साफ कर देंगे।
मुंबई में भी कई लोगों की मौत
मुंबई में भी भारी बारिश के बाद स्थिति काफी खराब है। शनिवार देर रात शुरू हुई बारिश की वजह से कई जगहों पर भूस्खलन हुआ, जबकि कई मकान गिरे। जिसमें कम से कम 30 लोगों के मौत की खबर है। इसके अलावा जलापूर्ति करने वाले पंपिंग स्टेशन में पानी भरा गया, जिस वजह से कई इलाकों में पेयजल संकट भी खड़ा हो गया है।












Click it and Unblock the Notifications