VIDEO: The kashmir files पहले की टैक्स फ्री, फिर खुद थिएटर में देखी, फिल्म पर बोले हरियाणा के CM
पंचकूला। फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स' की सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है। विवेक अग्निहोत्री निर्देशित इस फिल्म को हरियाणा, गुजरात, मध्य प्रदेश और कर्नाटक जैसे राज्यों में टैक्स फ्री कर दिया गया है। वहीं, निर्माताओं ने उत्तर प्रदेश सरकार से भी इसे टैक्स फ्री करने की मांग की है। कई सियासी हस्तियों ने फिल्म को थिएटर में देखने की अपील की है। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने भी इसे देखा।

खट्टर बोले- मानवीय त्रासदी को किया बयां
'द कश्मीर फाइल्स' देखने के बाद खट्टर ने उसे वर्तमान पीढ़ी के लिए जरूरी फिल्म बताया। खट्टर बोले, "आज इस फिल्म को मैंने थियेटर में देखा। मुझे यह बहुत अच्छी लगी। 1990 में कश्मीर घाटी में जो मानवीय त्रासदी हुई थी, यह फिल्म उसका सजीव और मार्मिक चित्रण है। मैंने भी लंबे अरसे तक जम्मू-कश्मीर में काम किया, वहां के लोगों की पीड़ा और हालातों को करीब से देखा और समझा है। अब 'द कश्मीर फाइल्स' आई तो हमने इसे टैक्स फ्री करा दिया है, ताकि हमारी वर्तमान पीढ़ी भी इस जीवंत फिल्म को देखे और समझे।"

बजट की लागत निकाली
फिल्म ट्रेड एनालिस्ट्स के मुताबिक, कम स्क्रीन्स पर रिलीज होने के बावजूद 'द कश्मीर फाइल्स' ने बॉक्स आॅफिस पर अपने औसत में उम्मीदों से ज्यादा कलेक्शन किया है। यह 11 मार्च को रिलीज हुई, जिसके पहले दिन का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 4 करोड़ था। 3 दिन में यह 20 करोड़ से ज्यादा हो गया है। इतना ही इसका बजट था। वहीं, अब इसे रिलीज करने वाली स्क्रीन्स की संख्या बढ़कर 2000 पहुंच गई है।
4 राज्य टैक्स फ्री कर चुके
इस फिल्म को हरियाणा समेत तीन राज्यों में टैक्स फ्री किया जा चुका है। अन्य राज्य कर्नाटक, गुजरात और मध्य प्रदेश हैं। विवेक अग्निहोत्री लिखित और निर्देशित 'द कश्मीर फाइल्स' फिल्म में मिथुन चक्रवर्ती, अनुपम खेर, दर्शन कुमार, पल्लवी जोशी, भाषा सुंबली और चिन्मय मंडलेकर ने काम किया है।












Click it and Unblock the Notifications