हरियाणा चुनाव में कांग्रेस-आप गठबंधन का सोमनाथ भारती ने किया विरोध, बोले- कांग्रेस से गठबंधन बेमेल और स्वार्थी
Haryana Assembly Elections 2024: हरियाणा विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। राजनीतिक पार्टियां जमक चुनाव प्रचार करने में जुट चुकी हैं लेकिन कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच गठबंधन को लेकर अभी चर्चा ही चल रही है।
वहीं इस सबके बीच आम आदमी पार्टी के विधायक सोमनाथ भारती ने कांग्रेस के साथ संभावित गठबंधन की आलोचना करते हुए इसे बेमेल बताया है। उन्होंने इस गठबंधन में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे की भूमिका पर सवाल उठाए।

आप को हराने के लिए भाजपा और कांग्रेस रचते हैं गुप्त साजिश
आप विधायक सोमनाथ भारती ने दावा किया कि जब आप को हराने की बात आती है तो भाजपा और कांग्रेस दोनों खुलेआम या गुप्त रूप से एक साथ काम करते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि आप समर्थक इस तरह के बेमेल और स्वार्थी गठबंधन के पक्ष में नहीं हैं।
हरियाणा की सभी सीटों पर आप को अकेले लड़ना चाहिए
सोमनाथ भारती ने भारती ने आरोप लगाया लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस नेताओं ने दिल्ली में आप उम्मीदवारों के लिए प्रचार नहीं किया। इसके साथ अजय माकन समेत कांग्रेस नेताओं ने भाजपा के साथ मिलकर आप के खिलाफ साजिश रची। भारती ने मांग की कि आप को हरियाणा और दिल्ली में सभी सीटों पर स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ना चाहिए।
भाजपा में चल रहा आंतरिक संघर्ष
भारती ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि हरियाणा भाजपा आंतरिक कलह से जूझ रही है। उन्होंने कांग्रेस के भीतर भी इसी तरह के मुद्दों का उल्लेख किया। चूंकि हरियाणा केजरीवाल का गृह राज्य है, इसलिए भारती का मानना है कि गैर-भाजपा और गैर-कांग्रेसी सरकार बनाने के लिए आप को सभी 90 सीटों पर स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ना चाहिए।
राघव चड्डा ने कांग्रेस-आप गठबंधन को लेकर जताई उम्मीद
वहीं आप नेता राघव चड्ढा ने हरियाणा में AAP-कांग्रेस गठबंधन को लेकर कहा अभी दोनों दलों के बीच गठबंधन को लेकर चर्चा चल रही है। दोनों दलों का प्रयास है कि सभी महत्वाकांक्षाओं को किनारे रखकर हरियाणा के हित में, हरियाणा की जनता की मांग के अनुरूप एकजुट होकर चुनाव लड़ें। राघव ने कहा गठबंधन करने के लिए आरज़ू, हसरत, उम्मीद भी है।
कब है हरियाणा में विधानसभा चुनाव?
हरियाणा में 90 विधानसभा सीटों के लिए 5 अक्टूबर को मतदान होना है। सभी पार्टियां तैयारियों में जुटी हैं, लेकिन आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच संभावित गठबंधन की चर्चा सबसे ज्यादा है। इस गठबंधन को लेकर कई दौर की बैठकें हो चुकी हैं, लेकिन आम सहमति नहीं बन पाई है।












Click it and Unblock the Notifications