दो दीवारों के बीच घुसकर बैठ गया खतरनाक कोबरा सांप, पकड़ने के लिए तोड़ना पड़ा मकान
फतेहाबाद, 18 जुलाई: हरियाणा के फतेहाबाद के टोहाना में एक घर के अंदर जहरीला कोबरा सांप घुसने से हड़कंप मच गया। सांप दो घरों की दीवार के बीच में जाकर छिप गया। सांप की दहशत इतनी थी कि कोई भी पास तक जाने की हिम्मत नहीं कर पाया। स्नेक कैचर को मामले की जानकारी दी गई, जिसके बाद सांप का रेस्क्यू शुरू किया गया। सांप को पकड़ने के लिए घर की दीवार तक तोड़नी पड़ गई। इसके बाद सांप को पकड़ लिया गया। खतरनाक ब्लैक कोबरा को देखने के लिए लोगों की भीड़ जमा हो गई। सांप के पकड़े जाने के बाद घर के मालिक ने भी राहत की सांस ली।

दो दीवारों के बीच बने गैप में घुस गया था सांप
टोहना में राजनगर के पास बलियावाला रोड पर एक घर में कोबरा सांप घुस गया। घर के मालिक की नजर जैसे ही सांप पर पड़ी तो उनके होश उड़ गए। सांप दीवार के बीच बने गैप में बैठ गया था। घर के मालिक ने तुरंत मामले की जानकारी स्नेक कैचर नवजोत सिंह ढिल्लों को दी और मदद मांगी। स्नेक कैचर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू शुरू किया।

दीवार तोड़कर पकड़ा गया सांप
सांप दो दीवारों के बीच गैप में घुसा हुआ था, जिसकी वजह से उसे पकड़ने में काफी दिक्कत हो रही थी। रेस्क्यू टीम ने घर के मालिक की परमिशन के बाद घर के एक हिस्से की दीवार तोड़ दी। इसके बाद सांप पकड़ा जा सका। सांप को एक बाल्टी में रखा गया, जिसे देखने के लिए लोगों की भीड़ लग गई।

जहरीला होता है स्पेक्टेकल्ड प्रजाति का ये सांप
सांप को पकड़ने वाले नवजोत सिंह ढिल्लों के मुताबिक, कोबरा सांप को स्पेक्टेकल्ड प्रजाति का है। यह प्रजति दुनिया में मौजूद जहरीले सांपों में से एक है। उन्होंने बताया कि इन सांपों का स्वभाव काफी शर्मीला होता है। ये सांप अगर खतरा महसूस करते हैं तभी काटते हैं।












Click it and Unblock the Notifications