#Padmaavat: हरियाणा के सीएम खट्टर बोले- जिन्होंने फिल्म नहीं चलाने का फैसला किया है, वह अच्छा है, जो चलाएंगे उन्हें सुरक्षा दी जाएगी
नई दिल्ली। संजय लीला भंसाली की फिल्म पद्मावत की रिलीज को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। 25 जनवरी को ये फिल्म देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज के लिए तैयार है। हालांकि रिलीज से पहले ही फिल्म का विरोध जारी है। हालात इस कदर बिगड़ गए हैं, प्रदर्शन से नाराज लोग इसके विरोध में तोड़फोड़ कर रहे हैं। हरियाणा के कुरक्षेत्र में कुछ अज्ञात लोगों ने एक मॉल में तोड़फोड़ की। इस बीच हरियाणा के मुख्यमंत्री ने पद्मावत फिल्म की रिलीज को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि जो भी सिनेमाघर फिल्म रिलीज करेंगे उन्हें जरूरी सुरक्षा मुहैया कराई जाएगी।

जानिए क्या बोले सीएम खट्टर...
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि अगर किसी ने पद्मावत फिल्म को नहीं दिखाने का फैसला किया है तो ये बहुत अच्छा है, लेकिन जिन्होंने फिल्म दिखाने का फैसला किया है उन्हें हरसंभव जरूरी सुरक्षा मुहैया कराई जाएगी। सर्वोच्च अदालत के फैसले के बाद ये हमारी ड्यूटी है कि हम सुप्रीम कोर्ट के आदेश को मानें, यह हमारी जिम्मेदारी है।

कुरूक्षेत्र के मॉल में तोड़फोड़
बता दें कि फिल्म पद्मावत की रिलीज पर चार राज्यों हरियाणा, राजस्थान, गुजरात और मध्य प्रदेश ने बैन लगा दिया था, हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने बैन को खारिज करते हुए पूरे देश में इसकी रिलीज का आदेश दिया था। इस फैसले के बाद कुछ राज्यों में करणी सेना और राजपूत संगठनों ने प्रदर्शन किया। कई इलाकों में तोड़-फोड़ की भी खबरें आई। राजधानी दिल्ली में रविवार को तोड़फोड़ हुई, वहीं दिल्ली से सटे हरियाणा के कुरूक्षेत्र में कुछ अज्ञात लोगों ने एक मॉल में तोड़फोड़ किया।

फिल्म 'पद्मावत' का हो रहा विरोध
कुरूक्षेत्र के मॉल में तोड़फोड़ को लेकर सीएम मनोहर लाल खट्टर ने सोमवार को कहा कि जिन्होंने फिल्म रिलीज नहीं करने का फैसला किया है, वह बहुत अच्छा है, लेकिन अगर कोई फिल्म रिलीज करता है उन्हें सुरक्षा मुहैया कराई जाएगी। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद ये हमारी जिम्मेदारी है।












Click it and Unblock the Notifications