डॉक्टरों ने छुट्टी दी तो हरियाणा के पूर्व CM ओमप्रकाश चौटाला आज हो जाएंगे जेल से रिहा
गुड़गांव। हरियाणा के पूर्व सीएम ओमप्रकाश चौटाला आधिकारिक तौर पर आज जेल से रिहा हो सकते हैं। चौटाला अभी तबीयत खराब होने की वजह से गुड़गांव के मेदांता अस्पताल में भर्ती हैं। यदि उन्हें डॉक्टरों ने अस्पताल से छुट्टी दी, तो वह तिहाड़ जाकर अपनी रिहाई की कागजी कार्यवाही पूरी करेंगे। बहरहाल, पिछले दो-तीन दिनों से चौटाला अस्पताल में भर्ती हैं।

इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के नेताओं के मुताबिक, सरकार की ओर से सजा में 6 माह की छूट मिलने के बाद उन्हें तिहाड़ में सरेंडर कर रिहाई की कागजी कार्यवाही पूरी करनी है। वहीं, माना यह भी जा रहा है कि, रिहाई के बाद चौटाला चुनाव आयोग के पास चुनाव लड़ने के 6 साल के प्रतिबंध को खत्म करने की अपील कर सकते हैं।
इंडियन नेशनल लोकदल के समर्थकों में चर्चा हो रही है कि, चौटाला रिहाई के बाद किसान आंदोलन में भी शामिल हो सकते हैं और इसी के जरिए वे सियासत में दोबारा सक्रिय हो सकते हैं। ओमप्रकाश चौटाला ही इंडियन नेशनल लोकदल के सुप्रीमो हैं। उनके बेटे का नाम अभय चौटाला है। अभय चौटाला विधायक रह चुके हैं। उन्होंने किसान आंदोलन को समर्थन देने की बात कहते हुए विधायकी से इस्तीफा दे दिया था।
ओमप्रकाश चौटाला हरियाणा के विधानसभा चुनाव की तैयारियां करेंगे या नहीं, यह अभी तय नहीं हुआ। हालांकि, अभी सिर्फ ऐलनाबाद में उपचुनाव होना है। फिर पूर्ण चुनाव 2024 में होंगे। ऐलनाबाद के उपचुनाव में अभय चौटाला के ही मैदान में उतरने की संभावना है।
5 बार विधानसभा के सदस्य रह चुके
ओम प्रकाश चौटाला हरियाणा के विख्यात नेता हैं। वह पांच बार (1970, 1990, 1993, 1996 और 2000) हरियाणा विधान सभा के सदस्य रह चुके हैं। साल 1989 में वह पहली बार प्रदेश के मुख्यमंत्री बने थे। उसके बाद वर्ष 1990, 1991 और 1999 में भी वह मुख्यमंत्री बने। पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला का जन्म 1 जनवरी, 1935 को सिरसा, हरियाणा के एक छोटे से गांव में हुआ था और उनकी शिक्षा-दीक्षा उनके गृहनगर में ही हुई थी। वह पूर्व उप मुख्यमंत्री चौधरी देवी लाल के बेटे हैं। चौधरी देवी लाल ने हरियाणा संघर्ष समिति के संरक्षण में हिस्सा लिया था, जिसका उद्देश्य हरियाणा के लोगों को न्याय दिलवाना और उनकी आवाज सरकार तक पहुंचाना था।












Click it and Unblock the Notifications