गुरुग्राम में लागू हो सकता है ऑड ईवन फार्मूला, सीएम खट्टर ने प्रदूषण पर गठित की कमेटी
नई दिल्ली, 17 नवंबर: राजधानी दिल्ली के साथ-साथ NCR में भी प्रदूषण जानलेवा स्तर पर पहुंच गया है। गुरुग्राम में भी हालत लगातार बिगड़ते जा रहे, जिसको देखते हुए हरियाणा सरकार वहां पर ऑड ईवन फार्मूला लागू करने पर विचार कर रही है। बुधवार को मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने गुरुग्राम में इस बात की जानकारी दी। इसके अलावा प्रदूषण कम करने के विकल्प तलाशने के लिए उनकी ओर से इंजीनियरों, गुरुग्राम नगर निगम आयुक्त और डीसी की एक समिति भी तैयार की गई है।

मीडिया से बात करते हुए सीएम ने कहा कि प्रदूषण स्वास्थ्य के लिए काफी हानिकारक है। इस वजह से सरकार इस दिशा में काम कर रही है। सुप्रीम कोर्ट ने भी कई निर्देश दिए हैं। जिसके तहत स्कूलों, थर्मल प्लांट, पुराने वाहनों को बंद किया जा रहा। अगर ऑड ईवन फार्मूले पर सहमति बन जाती है, तो इसे लागू कर दिया जाएगा। फिलहाल अभी एक समिति बनाई गई है, जो इससे निपटने के लिए काम कर रही है।
चार जिलों में स्कूल बंद
वहीं एनसीआर के प्रदूषण को देखते हुए हरियाणा के चार जिलों गुरुग्राम, फरीदाबाद, झज्जर और सोनीपत में अगले आदेश तक स्कूल बंद रहेंगे। पहले तो सरकार ने 17 नवंबर तक स्कूल बंद करने की बात कही थी, लेकिन हालात को देखते हुए इसे 1 दिसंबर कर दिया गया।
दिल्ली के लिए ये था आदेश
वहीं मंगलवार को वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने दिल्ली के लिए एक आदेश जारी किया। जिसमें अगले आदेश तक के लिए स्कूलों को बंद कर दिया गया। साथ ही 21 नवंबर तक कम से कम 50 प्रतिशत कर्मचारी वर्क फ्राम होम करेंगे। इसके अलावा अगर कोई एनसीआर की सड़कों पर निर्माण सामग्री और कचरे का ढेर लगाते पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं दिल्ली के 11 थर्मल प्लांट में से सिर्फ 5 ही अभी चलेंगे।












Click it and Unblock the Notifications