हरियाणा में सीएम फ्लाइंग स्क्वॉड ने 2023 में की 2236 छापेमारी
हरियाणा की मनोहर लाल खट्टर सरकार एक तरफ जहां प्रदेश में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ा रही है तो दूसरी तरफ सरकार इस बात पर भी ध्यान दे रही है कि किसी भी तरह का गैरकानूनी काम प्रदेश में ना हो। इसको लेकर मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के निर्देश पर फ्लाइंग स्क्वॉड ने इस साल कुल 2236 ठिकानों पर छापेमारी की है। यह छापेमारी की सरकारी विभागों, संस्थानों, गैर सरकारी संस्थानों में की गई है।
इन छापेमारियों में कुल 454 केस खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों के खिलाफ दर्ज किए हैं। 255 मामले उन लोगों के खिलाफ दर्ज किए गए हैं जो गैरकानूनी तरह से बिजनेस चला रहे थे, सरकारी विभाग में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ 321 केस दर्ज किए गए हैं। अवैध खनन और ओवरलोडिंग के 187 केस दर्ज किए गए हैं, सरकारी राशन में गड़बड़ी के चलते 108 केस दर्ज किए गए हैं। जीएसटी चोरी के 53 मामले दर्ज हुए हैं। 30 अवैध पब, हुक्का बार के खिलाफ केस दर्ज किए गए हैं।

सरकार की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार इन सर्च ऑपरेशन के दौरान कुल 727 केस दर्ज किए गए हैं, जिसमे 768 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनसे तकरीबन 13 करोड़ रुपए का जुर्माना वसूला गया है। मुख्यमंत्री के फ्लाइंग स्क्वॉड ने स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। फरीदाबाद में अवैध विदेशी सिगरेट बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई, इन लोगों के पास से 10 लाख सिगरेट बरामद की गई है जिसकी कीमत 2 करोड़ रुपए थी। इसी तरह की कार्रवाई हिसार, फतेहाबाद में भी की गई है।
पानीपत में भी फर्जी बिल जारी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई है, यहां 47.50 लाख रुपए के फर्जी बिल पंचायत की जमीन पर ट्यूबवेल आदि के जारी किए गए थे। गांव के सरपंच, बीडीपीओ इस फर्जीवाड़े में शामिल पाए गए। इन लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने स्पष्ट तौरपर निर्देश दिया है कि इस किसी भी तरह की अवैध, गैरकानूनी तरीके को स्वीकार नहीं किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications