VIDEO: महंगाई बढ़ाने वाले खट्टर सरकार के फैसलों पर कांग्रेस बोली- ये जनता पर जजिया कर है
चंडीगढ़। कोरोना महामारी के दौर में हरियाणा सरकार ने बस किराया बढ़ाने, शराब पर कोरोना सेस लगाने, सब्जी मार्केट से फीस वसूलने एवं पेट्रोल-डीजल महंगा करने वाले फैसले लिए हैं। इन फैसलों को कांग्रेस ने 'खट्टर मंत्रिमंडल का जनविरोधी उपायों वाला काला अध्याय' करार दिया है। विपक्षी दल के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा, "पूरी दुनिया में कोरोना महामारी व आर्थिक मंदी के चलते सरकारें जनता को राहत दे रही हैं। लेकिन ये हरियाणा की सरकार ऐसी निर्दयी है कि रोज़ "जबरन दान" व "जबरन वसूली" में जुटी है।"
सुरजेवाला ने आगे कहा, "आज खट्टर मंत्रिमंडल ने जन विरोधी उपायों का एक काला अध्याय लिखा है! कई सरकारें लोगों के हाथों में अधिक पैसा डाल रही है, लेकिन भाजपा-जेजेपी की सरकार बोझ डाल रही है। डीज़ल/पेट्रोल पर ₹1.10 प्रति लीटर का टैक्स, बस का किराया बढ़ाना और फल-सब्जियों पर बाजार शुल्क (मार्केट फ़ीस) लगाना नया 'जजिया कर' है! यह वापस लें।"

इससे पहले रणदीप ने अपनी पार्टी के नेता की तारीफ करते हुए भी खट्टर सरकार पर निशाना साधा था। रणदीप के मुताबिक, कैथल हरियाणा का अकेला इलाक़ा है जहाँ "चार्ली टॉर्नेडो स्प्रे मशीन" से "सोडियम हाईपोक्लोराईट" दवाई का दूसरी बार छिड़काव हो रहा है। रणदीप ने कहा- "जब कांग्रेस के साथी विपक्ष में रह ये कर सकते हैं तो खट्टर सरकार यह कार्य पूरे हरियाणा में क्यों नही कर सकती? क्या यह इच्छाशक्ति की कमी है या मंशा की?"












Click it and Unblock the Notifications