कैथल में छात्राओं के साथ छेड़खानी के आरोपी स्कूल प्रिंसिपल को किया गया सस्पेंड
हरियाणा के कैथल स्थित गवर्नमेंट सीनियर सेकेंड्री स्कूल भुना के प्रिंसिपल को सस्पेंड कर दिया गया है। आरोप है कि प्रिंसिपल ने छात्राओं के साथ छेड़छाड़ की थी, जिसके बाद इस मामले की प्राथमिक जांच शुरु की गई।
इस मामले में डीईओ कैथल ने अपनी रिपोर्ट पेश कर दी है। इस रिपोर्ट के आधार पर सरकार ने प्रिंसिपल को सस्पेंड करने का फैसला लिया है। इससे पहले आरोपी प्रिंसिपल के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया था।

जिसके बाद प्रिंसिपल को गिरफ्तार कर लिया गया था। बाद में कोर्ट में पेश किया गया, जहां कोर्ट ने आरोपी प्रिंसिपल को जेल भेज दिया। लेकिन अब हरियाणा सरकार ने आरोपी प्रिंसिपल को सस्पेंड कर दिया है।
शिक्षा विभाग की ओर से इस पूरे मामले की प्राथमिक जांच के लिए कमेटी का गठन किया गया था। जांच कमेटी की रिपोर्ट सामने आने के बाद सरकार की ओर से कहा गया है कि स्कूल के प्रिंसिपल रवि कुमार को सस्पेंड किया जाता है। साथ ही उन्हें बिना अनुमति शहर छोड़ने की इजाजत नहीं होगी।
आरोप है कि स्कूल के प्रिंसिपल ने छात्राओं के साथ छेड़छाड़ की थी और उनके साथ अश्लीलता की थी। छात्राओं के आरोप के बाद ग्रामीणों ने स्कूल के प्रिंसिपल के खिलाफ प्रदर्शन किया था। जिसके बाद इस मामले में प्रदेश की महिला आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया ने भी हस्तक्षेप किया और आरोपी की गिरफ्तार का निर्देश दिया। जिसके बाद पुलिस ने प्रिंसिपल को 24 घंटे के भीतर ही गिरफ्तार कर लिया।
स्कूल की एक छात्रा ने बताया कि 2 दिसंबर को प्रिंसिपल ने मेरे और मेरी दोस्त के साथ गलत व्यवहार किया। वह पहले भी छात्राओं के साथ अश्लील हरकत और गाली गलौच कर चुका है। वह हमे अकेले कार्यालय में बुलाता है और हमे धमकी देता है कि अगर किसी को कुछ बताया तो स्कूल से नाम काट देगा।












Click it and Unblock the Notifications