किसान का 'दिल्ली चलो' अभियान: पंजाब-हरियाणा बॉर्डर सील, 3 दिन के लिए इंटरनेट भी बंद
Haryana News: देश में एक बार फिर बड़े पैमाने पर किसान आंदोलन को लेकर तैयारियां शुरू हो चुकी है। संयुक्त किसान मोर्चा के 13 फरवरी को 'दिल्ली चलो' कूच से पहले पंजाब के 27 किसान संगठनों ने हरियाणा सरकार को अल्टीमेंट दिया है। पंजाब के किसानों को दिल्ली जाने के लिए हरियाणा में प्रवेश से रोकने के लिए अंबाला के शंभू बॉर्डर को सील कर दिया गया है।
वहीं हरियाणा सरकार ने सूबे के 7 जिलों में 3 दिनों के लिए मोबाइल इंटरनेट, डोंगल और बल्क मैसेज पर पाबंदी लगा दी है। सरकार ने किसानों के दिल्ली कूच से पहले ये फैसला किया है।

किसानों आंदोलन को लेकर हरियाणा के अंबाला, कुरूक्षेत्र, कैथल, जिंद, हिसार, फतेहाबाद और सिरसा जिलों के अधिकार क्षेत्र में वॉयस कॉल को छोड़कर, मोबाइल नेटवर्क पर प्रदान की जाने वाली मोबाइल इंटरनेट सेवाएं, बल्क एसएमएस और सभी डोंगल सेवाएं आदि निलंबित कर दी गईं हैं।
सरकार की ओर से जारी आदेश के अनुसार यह फैसला 11 फरवरी की सुबह 6 बजे से 13 फरवरी की रात 11:59 बजे तक लागू रहेगा। हालांकि इस दौरान ब्रॉडबैंड और लीज लाइन की इंटरनेट सेवाएं सुचारू रहेंगी।
इंटरनेट बैन करने के फैसले को लेकर सरकार ने कहा कि किसान प्रदर्शन को लेकर तनाव, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान और शांति व्यवस्था के भंग होने की आशंका है, ऐसे में इंटरनेट पर पाबंदी लगाने का फैसला लिया गया है।
इन जिलों में धारा 144 लागू
नेटबंदी के अलावा हरियाणा के अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, सोनीपत, झज्जर, रोहतक और पंचकुला में धारा 144 भी लागू की गई है। मालूम हो कि संयुक्त किसान मोर्चा, गैर राजनीतिक और किसान मजदूर संगठनों सहित 26 संगठनों ने 13 फरवरी को दिल्ली आने का ऐलान किया है।












Click it and Unblock the Notifications