हरियाणा: इंजीनियरिंग परीक्षा में पूछा, काला ब्राह्मण अपशगुन या ब्राह्मण की कन्या?
चंडीगढ़। हरियाणा अर्बन डेवलपमेंट अथॉरिटी के जूनियर सिविल इंजीनियर पद के लिए 10 अप्रैल को हुई परीक्षा में एक सवाल पर विवाद खड़ा हो गया है। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एचएसएससी) की ओर से ली गई परीक्षा के प्रश्नपत्र में सवाल नंबर 75 के उत्तर के लिए दिए तीसरे व चौथे विकल्प को लेकर ब्राह्मण समाज ने विरोध दर्ज करवाया है। पूछे गए सवाल पर उपजे विवाद के बाद आयोग ने चीफ एग्जामिनर को नोटिस जारी कर दिया है।

कर्मचारी चयन आयोग द्वारा 10 अप्रैल को ली गई इस परीक्षा में 75वें नंबर के सवाल में पूछा गया था कि कौन-सा हरियाणा में अपशकुन नहीं माना जाता है? जवाब में चार विकल्प दिए गए जिसमें पहला खाली घड़ा, दूसरा फ्यूल भरा कास्केट, तीसरा काले ब्राह्मण से मिलना और चौथा ब्राह्मण कन्या को देखना था। इसका साफ मतलब है कि हरियाणा एसएससी काले रंग और काले रंग के ब्राह्मण को अपशकुन मान रही है।
विवाद बढ़ता देख आयोग ने बयान जारी कर कहा है कि किसी व्यक्ति की भावनाओं को ठेस पहुंची है तो आयोग उसके लिए खेद व्यक्त करते हुए इस प्रश्न को वापस लेने का निर्णय लेता है। वहीं कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने हरियाणा एसएससी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की आलोचना करते हुए इसे शर्मनाक बताया है। इसकी आलोचना करते हुए आम आदमी पार्टी की हरियाणा इकाई के प्रमुख नवीन जयहिंद ने ब्राह्मणों से बीजेपी के बॉयकॉट की अपील की है।
इस मामले में कांग्रेस विधायक करण दलाल ने कहा, परीक्षा में ब्राह्मणों का ही नहीं बल्कि 36 बिरादरी का अपमान किया है। पिछले तीन साल से हरियाणा में बीजेपी जात-पात के नाम पर जहर फैला रही है। एचएसएससी की ओर से प्रश्न पत्र में जातिगत सवाल पूछकर नफरत फैलाने का काम किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications