Haryana News: हरियाणा में पल्स पोलियो का राष्ट्रीय टीकाकरण अभियान शुरू, इतने बच्चों को पिलाई जाएगी खुराक
Haryana News: राष्ट्रीय टीकाकरण पल्स पोलियो अभियान का चरण राज्य के सभी जिलों में शुरू किया गया है। इसमें राज्य को पोलियो मुक्त बनाए रखने के लिए पहले दिन बूथ पर पोलियो की खुराक पिलाई गई।
सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि इस पल्स पोलियो अभियान के दौरान 3 से 5 मार्च तक लगभग 35 लाख बच्चों को पोलियो खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान के पहले दिन 5 वर्ष से कम उम्र के लगभग 20 लाख बच्चों को पोलियो ड्रॉप्स पिलाई गईं। यह अभियान अगले दो दिनों तक जारी रहेगा।

इस अभियान को सुचारू ढंग से चलाने के लिए राज्य में लगभग 15 हजार पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं। जिनमें 30 हजार स्वास्थ्य टीमें लगाई गई हैं। इनमें स्वास्थ्य कार्यकर्ता, स्वयंसेवक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता आदि शामिल हैं। राज्यभर में लगभग 1500 मोबाइल टीमें दूर दराज के क्षेत्रों में वंचित बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने के लिए लगाई गई है। जो ईंट भट्ठों, निर्माण स्थलों, पोल्ट्री फार्मों, मलिन बस्तियों आदि क्षेत्रों में पहुंच कर पोलियो की ड्रॉप्स पिलाने का कार्य करेगी।
उन्होंने बताया कि पल्स पोलियो के राष्ट्रीय टीकाकरण अभियान के दौरान स्वतंत्र मॉनिटरिंग के अलावा लगभग 3500 पर्यवेक्षकों और जिला स्तर के अधिकारियों द्वारा सभी जिलों में पोलियो गतिविधियों की निगरानी की जा रही है। अभियान की निगरानी के लिए स्वास्थ्य विभाग के 18 राज्य पर्यवेक्षकों को भी तैनात किया गया है। इन गतिविधियों से पहले प्रिंट मीडिया और अन्य आईईसी गतिविधियों के माध्यम से लोगों में जागरूकता अभियान चलाया गया।
उन्होंने बताया कि बूथ गतिविधियों के दौरान रह गए बच्चो को पोलियो ड्रॉप्स 4 और 5 मार्च 2024 को घर-घर पिलाई जाएगी। इसके अलावा मलिन बस्तियों जैसे उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों में मोबाइल टीमों के माध्यम से पोलियो वैक्सीन की ड्रॉप्स दी जाएगी। साथ ही झुगी-झोपड़ियों, ईंट भट्ठों, पलायन करने वाली आबादी और निर्माण स्थलों पर पोलियो की खुराक दी जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग अन्य विभागों तथा आम जनता की सक्रिय भागीदारी और लगातार कड़ी मेहनत से हरियाणा और भारत 2012 से पोलियो मुक्त हैं।












Click it and Unblock the Notifications