Haryana News: देश की तरक्की उसके आवागमन के रास्तों से होती: गृह मंत्री अनिल विज
Haryana News: हरियाणा के गृह और स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने शनिवार को अमृतसर-नई दिल्ली के बीच शुरू हुई वंदे भारत एक्सप्रेस को अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन पर हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान गृहमंत्री ने रेलवे स्टेशन पर जनसमूह को भी संबोधित किया है।
गृहमंत्री अनिल विज ने इस मौके पर कहा कि आज देश करवट ले रहा है और चहुंमुखी विकास हो रहा है। विदेश की तर्ज पर सभी सुविधाओं से संपन्न वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन चलाई जा रही है। जो कि विदेशों में चल रही ट्रेनों से भी बेहतर है। गृहमंत्री विज ने कहा कि किसी भी देश की तरक्की पहले उसके आवागमन के रास्तों से होती है। यदि वह बदल जाए तो देश तरक्की करता है।

उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अयोध्या से विभिन्न गाड़ियों का शुभारंभ किया है। अयोध्या में नया रेलवे स्टेशन और हवाई अड्डा भी बनाया है। विज ने अपने अयोध्या प्रवास को याद करते हुए कहा कि वह अयोध्या आंदोलन के समय दो बार अयोध्या गए थे। तब वहां उन्होंने पुराना स्टेशन देखा था। पहले कैसा स्टेशन था और अब नए स्टेशन को देखकर उन्हें गर्व होता है। उन्होंने बताया कि रेलवे द्वारा अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन को भी 200 करोड़ रुपए की लागत से पुनर्विकसित करने की योजना है।
गृहमंत्री अनिल विज ने कहा कि वह रेलवे कर्मचारी के बेटे हैं। गाड़ियों की सीटियां उनके लिए लोरियां होती थी। वह इन्हें सुनकर ही बड़े हुए हैं। रेलवे ने कैसे तरक्की की है। उन्होंने इस बढ़ते हुए देखा है। पहले कोयला फिर डीजल और अब इलेक्ट्रिक इंजन आ गए हैं। पहले सबसे बेहतर डीलक्स एक्सप्रेस को कहा जाता था। मगर अब वंदे भारत देश की नंबर वन ट्रेन है। उन्हें कुछ माह पूर्व इसी ट्रेन में रेल मंत्री के साथ सफर करने का अवसर भी मिला था। सब सुविधाओं से संपन्न यह ट्रेन है। जैसी विदेश में चलती है और उससे भी बेहतर वंदे भारत एक्सप्रेस है।












Click it and Unblock the Notifications