मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने पार्टियों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक, आदर्श आचार संहिता की पालना के दिए निर्देश
Haryana News: हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुराग अग्रवाल ने प्रदेश के सभी 1 करोड़ 98 लाख 29 हजार 675 मतदाताओं से आह्वान किया कि 25 मई 2024 को होने वाले लोकसभा चुनाव के आम चुनाव के दिन अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुनाव का पर्व, देश का गर्व का हिस्सा बनें। क्योंकि राजनीतिक पार्टियों और मतदाताओं की भागीदारी लोकतंत्र में जरूरी है।
निर्वाचन अधिकारी अग्रवाल ने यह जानकारी मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में बुलाई गई मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय व राज्य की राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों की बैठक को संबोधित करते हुए दी।

उन्होंने कहा कि 16 मार्च 2024 को चुनाव आयोग द्वारा वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव की घोषणा के साथ ही आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों और राजनीतिक पार्टियों को इसकी पालना करना अनिवार्य है। जैसे ही उम्मीदवार अपना नामांकन पत्र दाखिल करेगा। वैसे ही उसके चुनावी खर्चे की गणना आरंभ हो जाएगी। उसके लिए उम्मीदवारों को अलग से बिल खाते का ब्यौरा देना होगा। सामान्य श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए प्रतिभूति राशि 25 हजार रुपए तथा अनुसूचित जाति के उम्मीदवारों के लिए 12 हजार 500 रुपए होगी।
उन्होंने आगे कहा कि नामांकन पत्र भरते समय चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों को फॉर्म 26 एफिडेविट के रूप में भरकर देना होगा। जिसे नोटरी या क्लास वन मजिस्ट्रेट से सत्यापित करवाना होगा। स्टार कंपैनर के लिए वाहन के उपयोग के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय से अनुमति प्राप्त करनी होगी। चुनाव के दिन एक वाहन में चालक सहित अधिकतम पांच व्यक्तियों की अनुमति होगी। चुनाव रैलियों के लिए उपायुक्त कम जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा स्थान निर्धारित किए जाएंगे।
निर्वाचन अधिकारी अग्रवाल ने कहा कि चुनाव आयोग ने कुछ मोबाइल एप्लीकेशन तैयार किए हैं। जिनमें वोटर हेल्पलाइन, सक्ष्म ईसीआई, सी विजिल, वोटर टर्न आउट, अपने प्रत्याशी के बारे में जाने शामिल है। इन एप्लीकेशन से मतदाताओं को घर बैठे तमाम जानकारियां उपलब्ध करवाने की सुविधा दी गई है। प्रदेश में कुल 19 हजार 812 मतदान केन्द्र स्थापित होंगे। जिनमें सभी मूलरूप जन सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
राजनीतिक पार्टियों की ओर से भारतीय जनता पार्टी से वरिंदर गर्ग, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से तलविंद्र सिंह व आरडी सैनी और आम आदमी पार्टी की ओर से वीनस मलिक तथा जननायक जनता पार्टी से राम नारायण यादव और इनेलो की ओर से सत्यव्रत ने प्रतिनिधियों के रूप बैठक में हिस्सा लिया। इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी हेमा शर्मा, संयुक्त निर्वाचन अधिकारी अपूर्व और राजकुमार के अलावा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।












Click it and Unblock the Notifications