मनोहर लाल खट्टर ने विधानसभा सीट से दिया इस्तीफा, CM नायब के लिए छोड़ी अपनी सीट, अब आगे क्या करेंगे पूर्व सीएम?
हरियाणा के पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्टर ने विधानसभा की सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया है। एक दिन पहले मंगलवार को उन्होंने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया था। खट्टर करनाल विधानसभा सीट से विधायक थे।
त्यागपत्र देने के बाद खट्टर ने विधानसभा में कहा कि,'जो भी मेरा काम था मैंने किया। लेकिन अब काम को और सुचारू ढंग से आगे बढ़ाना है। मैं सदन के सामने घोषणा करता हूं कि करनाल विधानसभा से इस्तीफा देता हूं। आज से नायब सैनी करनाल विधानसभा की जिम्मेदारी संभालेंगे। मुझे जो भी जिम्मेदारी तय की जाएगी वो और भी सुचारू रूप से पूरी करूंगा।'

खट्टर के बयान से ये जाहिर है कि उनके इस्तीफे के बाद खाली हुई करनाल सीट से नए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी उपचुनाव लड़ेंगे। नायब सिंह फिलहाल हरियाणा के गुरुक्षेत्र से सांसद हैं।
इससे पहले खट्टर ने कहा था कि उन्हें लोकसभा चुनाव लड़ने की जिम्मेदारी दी जा सकती है। उन्होंने कहा, "साढ़े 9 साल के कार्यकाल में बहुत कुछ नया किया है। मैं दावे से कह सकता हूं कि 10 की 10 लोकसभा सीटें हम जीतेंगे।"
आपको बता दें कि मंगलवार को मनोहर लाल खट्टर के इस्तीफा देने के कुछ घंटों बाद ही नायब सैनी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली थी। सैनी ने आज विधानसभा में विश्वास मत पेश किया, जो ध्वनिमत से पास हो गया। इसके साथ ही हरियाणा की नई सैनी सरकार फ्लोर टेस्ट में पास हो गई।
आपको बता दें कि मनोहर लाल खट्टर दो बार हरियाणा के सीएम रहे हैं। साल 2014 में विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के बाद भाजपा ने उन्हें हरियाणा का मुख्यमंत्री बनाया गया था।
उन्होंने करनाल से विधानसभा चुनाव लड़ा और जीता। इसके बाद साल 2019 में भी वह करनाल से ही चुनाव लड़े और जीते थे। फिर दोबारा हरियाणा के सीएम बने। खट्टर मूल रूप से हरियाणा के रोहतक के रहने वाले हैं।












Click it and Unblock the Notifications