जनता बदलाव लाने जा रही है, हरियाणा में आतिशी ने किया बड़ा दावा
Haryana Assembly Election 2024: हरियाणा विधानसभा चुनाव प्रचार के अंतिम दिन आज दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने बरवाला विधानसभा से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार छत्रपाल सिंह के समर्थन में किया रोड शो किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से आप को वोट करने की अपील की।
इस बार बरवाला विधानसभा सीट पर मुकाबला काफी तगड़ा दिखाई दे रहा है। इस विधानसभा सीट पर पिछले चुनाव में भी मुकाबला कांटे का देखने को मिला था। वर्तमान में जननायक जनता पार्टी के जोगीराम सेहान विधायक हैं। वैसे 2019 चुनाव का परिणाम चौंकाने वाला रहा क्योंकि बरवाला एक ऐसी सीट है जहां पर 1977 के बाद से पांच बार कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। दूसरी पार्टियों का भी इस सीट पर खाता खुला है।

आज दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने बरवाला में आप प्रत्याशी के लिए चुनाव प्रचार किया। इस दौरान आतिशी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा, प्रदेश की जनता अपने बच्चों के भविष्य को स्वर्णिम बनाने के लिए 5 अक्टूबर को झाड़ू का बटन दबाकर हरियाणा में बदलाव लाने जा रही है। अरविंद केजरीवाल ने पंजाब और दिल्ली में मुफ्त बिजली दी। बीजेपी वालों ने उन्हें जेल भेज दिया।
आतिशी ने कहा कि हरियाणा वालों को 24 घंटे फ्री बिजली, अच्छे सरकारी स्कूल, अच्छे सरकारी अस्पताल, महिलाओं को हर महीने 1000 रुपए और युवाओं को रोजगार के लिए 5 अक्टूबर को झाड़ू का बटन दबाना है।
बरवाला सीट का इतिहास
बरवाला सीट पर लगातार छह बार जाट नेता ने जीत दर्ज की। दो बार पिछड़े समाज से आने वाले नेता को भी मौका मिला है और एक बार पंजाबी समुदाय से आए प्रत्याशी ने यहां जीत हासिल की। बड़ी बात ये है कि इस सीट पर एक बार भी बीजेपी नहीं जीत पाई। अब इस बार BJP ने रणबीर गंगवा को बरवाला से टिकट दिया है। पिछला चुनाव वे नलवा विधानसभा सीट से जीते थे।












Click it and Unblock the Notifications