CM खट्टर बोले- हरियाणा में कोरोना-लॉकडाउन के दरम्यान 16.20 लाख लोगों तक सहयोग राशि पहुंचाई
चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि, कोरोना-लॉकडाउन के दरम्यान सरकार ने 20 हजार सर्वे टीमों के आधार पर 16 लाख 20 हजार लोगों तक सहयोग राशि पहुंचाई है। खट्टर ने गुरुवार को कहा कि, अभी चार से पांच लाख लोगों को यह राशि और मिलेगी। वह बोले कि, अभी तक 619 करोड़ रुपये की आर्थिक मदद प्रदान की जा चुकी है। मुख्यमंत्री ने खुशी जताते हुए कहा कि हरियाणा से जो मजदूर अपने राज्यों में गए हैं, उन्होंने भी हमारे औद्योगिक वातावरण एवं कोरोना के असर के दौरान सरकार के बंदोबस्त की तारीफ की है।

वहीं, कोरोना पर स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज का भी बयान आया। विज ने कहा- कोरोना वायरस का रोग जल्द खत्म होने वाला नहीं है, अब इसके साथ जीने के लिए नए कायदे-कानून बनाने पड़ेंगे। उन्होंने कहा कि, देश में कुछ कानून कोरोना को लेकर बनाने पड़ेंगे। मास्क लगाने, 6 फीट की दूरी बनाकर चलने का कानून बनाना पड़ेगा। देखने में यह आया है कि लोगों को जब भी मौका मिलता है, वे सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं करते। वे मास्क नहीं लगाते। इसके लिए अब हमें सख्ती बरतनी होगी।

विज बोले- जैसे पूरे देश में सड़क पर बायें चलने का नियम है, पूरे देश में उसी प्रकार 6 फीट की दूरी का नियम, मास्क लगाने का नियम बनाना पड़ेगा और इस नियम को तोड़ने पर सजा व जुर्माने का प्रावधान करना पड़ेगा। विज ने कहा कि यदि हमें लॉकडाउन में भी ढील देनी है और कोरोना से भी लड़ना है तो ऐसा करना ही पड़ेगा।












Click it and Unblock the Notifications