हरियाणा: खट्टर सरकार ने 202 और गांवों को 'म्हारा गांव, जगमग गांव' योजना से जोड़ा, अब यहां मिलेगी 24 घंटे बिजली
चंडीगढ़। Mahara Gaon, Jagmag Gaon Scheme हरियाणा की मनोहर लाल खट्टर सरकार ने प्रदेश के 202 और गांवों को 'म्हारा गांव, जगमग गांव' योजना से जोड़ दिया है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहार वाजपेयी जी के जन्मदिन के मौके पर इन गांवों को इस योजना से जोड़ा गया है। आपको बता दें कि इस योजना से जुड़े 202 गांवों में अब 24 घंटे बिजली उपलब्ध रहेगी। इस योजना की शुरुआत ही इसी लक्ष्य को ध्यान में रखकर की गई थी।

प्रदेश 5 हजार से ज्यादा गांव जुड़े इस योजना से
इसी के साथ अब प्रदेश के 5080 गांव इस योजना से जुड़ गए हैं। इससे पहले प्रदेश के 4878 गांव इस योजना से जुड़े हुए थे, जिनमें 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराई जा रही थी। अब इन गांवों के शामिल होने के साथ ही प्रदेश के 1261 ग्रामीण फीडरों पर पडऩे वाले 5080 गांव 'म्हारा गांव, जगमग गांव' योजना से जुड़ गए हैं।
कहां-कहां के गांव जुड़े इस योजना से
आपको बता दें कि अब हरियाणा के 72 प्रतिशत गांवों और 10 संपूर्ण जिलों में 24 घंटे बिजली उपलब्ध है। बिजली निगम के प्रवक्ता ने बताया कि 25 दिसंबर से जो नए 202 गांव इस योजना से जोड़े गए हैं, उनमें उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (यूएचबीवीएन) के अंतर्गत आने वाले सोनीपत सर्कल के 14 गांव, पानीपत के 18, रोहतक के 09, झज्जर के 20 और कैथल के 16 तथा दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) के अंतर्गत आने वाले गुरुग्राम सर्कल के 19, नारनौल के 95 और हिसार के 11 गांव शामिल हैं। इससे प्रदेश के 10 जिलों- पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, करनाल, गुरुग्राम, फरीदाबाद, सिरसा, रेवाड़ी और फतेहाबाद में 24 घंटे बिजली उपलब्ध है।
क्या है 'म्हारा गांव, जगमग गांव' योजना
आपको बता दें कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने इस योजना की शुरुआत साल 2015 में कुरुक्षेत्र जिले से की थी। इस योजना के तहत गांवों में बिजली की सभी पुरानी तारों की जगह नई एरियल बंच केबल लगाई जाती है, पुराने व खराब मीटरों को बदला जाता है और ग्रामीणों से बकाया बिजली बिलों का भुगतान करने का आग्रह किया जाता है। उसके बाद जैसे ही ग्रामीण फीडरों का लाइन लॉस कम होता है तो उसे तुरंत 'म्हारा गांव, जगमग गांव' योजना में शामिल कर गांव में बिजली का नया इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार कर 24 घंटे निर्बाध बिजली की सप्लाई शुरू कर दी जाती है।












Click it and Unblock the Notifications