हरियाणा में 25962 केंद्रों पर 50 हजार आंगनवाड़ी-कर्मी, सरकार इन्हें 20 लाख के कवर के दायरे में लाई
चंडीगढ़। हरियाणा सरकार का कहना है कि, राज्य में सभी 25962 आंगनवाड़ी केंद्रों पर 50 हजार से ज्यादा कर्मचारी एवं उनकी सहायिकाएं एक्सग्रेसिया के तहत 20 लाख रुपए के कवर के दायरे में लाई गई हैं। महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री कमलेश ढांडा के मुताबिक, यह फैसला कोरोना महामारी के दौर में अग्रिम मोर्चे पर जिम्मेदारी निभाने वाले इन कर्मियों एवं सहायिकाओं के निधन होने की स्थिति में उन्हें आर्थिक मदद मुहैया कराने के उद्देश्य से लिया गया है।

परिजनों को दिए जाएंगे 20 लाख रुपए
राज्यमंत्री कमलेश ढांडा ने बताया कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने विभागीय प्रस्ताव माना और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता तथा आंगनवाड़ी सहायिकाओं को निधन होने की स्थिति में 20 लाख रुपए एक्सग्रेसिया के तहत राशि देने को मंजूरी दी, जो पहले 10 लाख रुपए ही तय थी। ढांडा के अनुसार, अब फ्रंटलाईन वर्कर के तौर पर यदि किसी आंगनवाड़ी कार्यकर्ता अथवा सहायिका की जान चली जाती है, तो उनके परिजनों को 20 लाख रुपए की राशि दी जाएगी।
राज्य मंत्री कमलेश ढांडा ने कहा कि कोरोना संक्रमण पर शिकंजा कसने के लिए प्रदेश सरकार और स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाई जा रही गतिविधियों में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं आंगनवाड़ी सहायिकाएं अपना योगदान दे रही हैं। टेस्ट, ट्रेकिंग एंड ट्रीटमेंट अभियान में घर-घर पहुंच रही इन कार्यकर्ताओं द्वारा नौनिहालों, किशोरियों, दूध पिलाने वाली माताओं तथा गर्भवती महिलाओं को भी पोषक आहार वितरण करने का काम भी किया जा रहा है। ऐसे में सरकार ने राशि देने संबंधी प्रस्ताव को मंजूरी दी है।












Click it and Unblock the Notifications