कोरोना से बचाव के लिए हरियाणा सरकार अब हर ग्राम पंचायतों को देगी 50 हजार रुपए तक का फंड
चंडीगढ़। ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के मामलों पर काबू पाने के लिए अब हरियाणा सरकार एक और बड़ा कदम उठाने जा रही है। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि, सरकार सभी ग्राम पंचायतों के लिए आबादी अनुसार 50 हजार रुपये तक का फंड जारी करेगी। इस फंड के माध्यम से गांवों में आइसोलेशन वार्ड स्थापित किए जाएंगे तथा उनमें ऑक्सीमीटर, स्टीम मशीन, थर्मामीटर, ब्लड प्रेशर चेकिंग मशीन व कोरोना से संबंधित आवश्यक वस्तुओं की व्यवस्था की जाएगी।

प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों के लिए ऐसा फंड जारी करने के पीछे सरकार का मानना है कि, देहाती स्तर पर भी कोरोना महामारी की दूसरी लहर से मजबूती के साथ लड़ा जा सकेगा। उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा है कि सरकार सभी गांवों में उनकी आबादी अनुसार 10 हजार की जनसंख्या से कम वाले गांवों को 30 हजार रुपये और दस हजार से ज्यादा की आबादी वाले गांवों को 50 हजार रुपये का फंड देगी। उन्होंने कहा कि गांवों में चौपालों, सरकारी स्कूलों व आंगनबाड़ी केंद्रों में कोरोना आइसोलेशन सैंटर बनाए जाएंगे।
बता दिया जाए कि, उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने इसे लेकर पंचायत विभाग के अधिकारियों के साथ बड़ी बैठक की अध्यक्षता की था। जहां चौटाला ने कहा कि गांवों में बढ़ रहे कोरोना के मामले चिंता का विषय हैं। इसको लेकर राज्य सरकार द्वारा जहां ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना टेस्टिंग बढ़ाने के लिए 8 हजार टीमों का गठन किया जा रहा है, वहीं गांवों में आइसोलेशन वार्ड स्थापित करने के लिए सभी ग्राम पंचायतों को फंड जारी करने का एक और बड़ा कदम भी उठाया है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि, गांवों में कोरोना संक्रमण को काबू करने के लिए गांवों में ही कोरोना उपचार की व्यवस्था स्थापित करना बेहद जरूरी है, इसलिए हरियाणा सरकार पंचायतों को तुरंत फंड मुहैया करवाएगी।उपमुख्यमंत्री के मुताबिक, एक टीम का गठन किया जाएगा, जिसमें स्वास्थ्य कर्मचारी (एएनएम), आंगनबाड़ी वर्कर्स व ग्राम पंचायत प्रतिनिधि शामिल होंगे और इन टीमों को सीएचसी व पीएचसी के इंचार्ज मॉनिटर करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications