Haryana Chunav: JJP और AAP नेताओं की उड़ी नींद! कांग्रेस या बीजेपी किसे मिल सकता है फायदा?
Haryana Chunav: हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस संभावित उम्मीदवारों की लिस्ट तैयार करने में जुटी हुई है। 90 विधानसभा सीटों के लिए उसके पास टिकटों के करीब 2,500 दावेदार हैं। इस दौरान कुछ ऐसे लोगों की ओर से प्रदेश नेतृत्व से संपर्क साधा जा रहा है, जिससे पार्टी का हौसला बढ़ रहा है।
ऐसी जानकारी सामने आ रही है कि दुष्यंत चौटाला की जन नायक जनता पार्टी (जेजेपी) और आम आदमी पार्टी (AAP) के कुछ नेताओं की ओर से कांग्रेस से संपर्क किया गया है। हरियाणा कांग्रेस के बड़े नेताओं से संपर्क करने वालों में मौजूदा विधानसभा के कुछ विधायक भी बताए जा रहे हैं।

कांग्रेस से संपर्क में हैं जेजेपी,'आप' के कुछ नेता!
पता चला है कि जेजेपी या आम आदमी पार्टी के ये नेता न सिर्फ कांग्रेस में शामिल होना चाहते हैं, बल्कि अपने लिए या अपने किसी नजदीकी रिश्तेदारों के लिए टिकट पाने की भी उम्मीद कर रहे हैं।
इसके बारे में एक वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने कहा, 'कांग्रेस पार्टी उन जेजेपी और आप नेताओं को शामिल करने की सोचेगी जो कांग्रेस की विचारधारा और नजरिए को मानकर प्रोडक्टिव रोल निभा सकते हैं। अन्य दलों के नेता कांग्रेस में बिना शर्त शामिल हों और उनकी भूमिका पार्टी नेतृत्व की ओर से तय की जाएगी।'
कांग्रेस या बीजेपी दोनों के साथ इन दलों का नहीं है गठबंधन
इस चुनाव में जेजेपी और आम आदमी पार्टी दोनों का कांग्रेस या बीजेपी में से किसी के साथ गठबंधन नहीं हुआ है। जेजेपी ने आजाद समाज पार्टी से जरूर गठबंधन किया है, लेकिन फिर भी पार्टी के अंदर चुनाव संभावनाओं को लेकर बेचैनी कम नहीं हो रही है। बीते पांच साल तक वह बीजेपी के साथ सरकार चला रही थी, लेकिन अब अलग है।
कांग्रेस-बीजेपी में सीधी लड़ाई देखकर 'आप', जेजेपी नेताओं में बढ़ रही बेचैनी?
वहीं लोकसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी से गठबंधन के बावजूद खास फायदा न होता देख कांग्रेस हरियाणा में उससे अलग हो चुकी है। 'आप' सभी सीटों पर अपने दम पर चुनाव जरूर लड़ने की बात कर रही है, लेकिन लगता है कि इससे पार्टी के नेताओं का हौसला डंवाडोल होने से नहीं रोक पा रही है।
कांग्रेस इस चुनाव में अपनी सीधी लड़ाई बीजेपी से बता रही है। अभय चौटाला की आईएनएलडी और बीएसपी गठबंधन को भी वह 'वोट कटवा' कह रही है और यह साबित करने की कोशिश कर रही है कि यह गठबंधन 'बीजेपी प्रायोजित' है।
कांग्रेस काट सकती है कुछ मौजूदा विधायकों का टिकट
दरअसल, ऐसी सूचना है कि कांग्रेस पार्टी कुछ मौजूदा विधायकों का टिकट काट सकती है। इसके लिए कांग्रेस पार्टी विधानसभा स्तर पर किए गए सर्वे का सहारा ले सकती है। ऐसे में पार्टी वहां किसी नए चेहरे को उतारने की सोच सकती है, जैसे कि पहलवान विनेश फोगाट के नाम की चर्चा पहले से ही हो रही है।
माना जा रहा है कि कांग्रेस जिस सीट पर दूसरे दलों से आने वाले संभावित नेताओं का चेहरा भाजपा के मुकाबले मजबूत देखेगी, वहां पर उन्हें उतारने की भी सोच सकती है।
हरियाणा में लोकसभा चुनावों पार्टियों का प्रदर्शन
लोकसभा चुनावों में हरियाणा में बीजेपी और कांग्रेस दोनों को 10 में से 5-5 सीटें मिली थीं। बीजेपी को दस सीटों पर 46.11% वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस को 9 सीटों पर 43.67% वोट मिले थे। वहीं आम आदमी पार्टी को 1 सीट पर 3.94% वोट आए थे। जेजेपी का प्रदर्शन बहुत ही फीका रहा था और उसे मात्र 0.87% वोट मिले थे।
2019 के हरियाणा विधानसभा चुनाव का परिणाम
2019 के हरियाणा विधानसभा चुनावों में कांग्रेस सभी 90 सीटों पर लड़ी थी और उसे 31 (28.08% वोट शेयर) सीटें मिली थीं। बीजेपी भी 90 पर लड़ी थी और उसे 40 सीटों (36.49%) पर जीत मिली थी। वहीं जेजेपी 10 सीटों (15.32% वोट शेयर) पर जीती थी। 'आप' ने 46 सीटों पर उम्मीदवार खड़े किए थे और सभी पर उसकी जमानतें (मात्रा 0.92% वोट शेयर) जब्त हो गई थीं।












Click it and Unblock the Notifications