Haryana Election 2024: चरखी दादरी में जमकर बरसे राजनाथ सिंह, हिमाचल से लेकर कर्नाटक तक घेरा
Haryana Assembly Election 2024: हरियाणा में तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने के लिए बीजेपी दिग्गज नेताओं और मंत्रियों की धुंआधार रैली जारी है। इस कड़ी में सोमवार को चरखी दादरी में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जनसभा को संबोधित किया, जहां उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की उस टिप्पणी पर प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने कहा था कि पीएम मोदी के सत्ता से हटने तक मैं नहीं मरूंगा।
सभा में राजनाथ सिंह ने कहा कि मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं कि मल्लिकार्जुन खड़गे 125 साल जिएं और पीएम मोदी 125 साल तक प्रधानमंत्री बने रहें।

राजनाथ सिंह का खड़गे को जवाब
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, "कल एक रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की तबीयत खराब हो गई। उन्होंने कहा कि जब तक पीएम मोदी सत्ता से नहीं हट जाते, मैं जिंदा रहूंगा। मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं कि मल्लिकार्जुन खड़गे 125 साल जिएं और पीएम मोदी 125 साल तक पीएम बने रहें।"
वहीं कांग्रेस को भ्रष्टाचार के मुद्दे पर घेरते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि, "पीएम मोदी की सरकार 10 साल से केंद्र में है, एक भी मंत्री पर भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा है। जबकि कांग्रेस सरकार में पार्टी नेताओं पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे और कुछ को जेल भी जाना पड़ा।"
हिमाचल से लेकर कर्नाटक तक घेरा
कांग्रेस पार्टी पर कुशासन का आरोप लगाते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आगे कहा, "आप कांग्रेस का प्रदर्शन देखना चाहते हैं? हिमाचल प्रदेश को ही देख लीजिए। वे अपने कर्मचारियों को वेतन नहीं दे पा रहे हैं। मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री केवल नाटक कर रहे हैं और कह रहे हैं कि वे कोई वेतन स्वीकार नहीं करेंगे।"
उन्होंने कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया पर भी MUDA घोटाले में उनकी कथित संलिप्तता को लेकर निशाना साधते हुए कहा, "कर्नाटक में भी कांग्रेस की सरकार है और उनकी हालत देखिए। उनके मुख्यमंत्री पर भ्रष्टाचार के आरोप हैं और वे फिर भी वोट मांग रहे हैं।"
किसी भी मंत्री पर भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं-सिंह
राजनाथ सिंह ने कहा, "हरियाणा को एक ऐसे मुख्यमंत्री की जरूरत है, जिस पर भ्रष्टाचार का एक भी आरोप ना हो। हमारी सरकार इस बारे में बहुत सतर्क है और जब भी हमें भ्रष्टाचार के बारे में कोई सूचना मिलती है, तो सख्त कार्रवाई की जाती है और हम ऐसा करना जारी रखेंगे। हमारे किसी भी मंत्री पर भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं है। उनके मंत्री जेल जा चुके हैं और क्या जेल से सरकार चलाई जा सकती है।"
कांग्रेस पर आगे हमला करते हुए सिंह ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने विदेशी धरती पर भारत की छवि खराब की है। उन्होंने कहा, "कोई भी राजनीतिक नेता जब भी किसी विदेशी देश में जाता है, तो हमेशा अपने देश की तारीफ करता है, लेकिन क्या आपने राहुल जी की बात सुनी? उन्होंने भारत की छवि को कैसे खराब किया। उन्होंने कहा कि सिखों को गुरुद्वारा जाने और पगड़ी या कड़ा पहनने के लिए अनुमति लेनी पड़ती है। क्या आपने सिखों पर ऐसा कोई अत्याचार होते देखा है?"
राहुल के सहारे कांग्रेस पर साधा निशाना
राजनाथ सिंह ने कहा, "राहुल जी भी कहते हैं कि एक समय ऐसा आएगा जब भारत में आरक्षण खत्म हो जाएगा। आरक्षण संवैधानिक है और मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि यह हमेशा रहेगा। कांग्रेस जहां भी कदम रखती है, उस राज्य की हालत खराब हो जाती है।"
हरियाणा में कांग्रेस पार्टी की स्थिति पर बोलते हुए उन्होंने कहा, "कांग्रेस की एक महिला नेता, मैं उनका नाम नहीं लूंगा, लेकिन पिछले कुछ दिनों से वह नाराज हैं। अब उनका मन बोल रहा है, लेकिन दिल नहीं। कांग्रेस पार्टी में कई आंतरिक संघर्ष हैं और अभी तक सीएम का चेहरा सामने नहीं आया है।" उन्होंने कहा कि "हरियाणा में निरंतर विकास होगा और इसमें कोई पूर्ण विराम नहीं लगेगा।"












Click it and Unblock the Notifications