Nuh Violence: डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने बताया किस वजह से हुई नूंह हिंसा, विहिप रैली आयोजकों को ठहराया दोषी
Dushyant Chautala On Nuh Incident: हरियाणा के नूंह में विश्व हिंदू परिषद पर हुए पथराव के बाद पनपी हिंसा के बाद पूरे राज्य में अलर्ट है। नूंह हिंसा की आग गुरुग्राम से लेकर कई जिलों तक फैल चुकी है। इस बीच अब हरियाणा के उप मुख्यमंत्री दुष्यन्त चौटाला का बयान आया है।
नूंह में हुई सांप्रदायिक हिंसा पर बोलते हुए उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) की शोभा यात्रा के आयोजकों को जिम्मेदार ठहराया है।

यात्रा आयोजकों को ठहराया जिम्मेदार
डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए विहिप शोभा यात्रा आयोजकों पर जिला प्रशासन को रैली की पूरी जानकारी नहीं देने का आरोप लगाया है।
यात्रा के बारे में पूरी जानकारी नहीं दी- चौटाला
उन्होंने अपने बयान में कहा, "आयोजकों ने जिला प्रशासन को यात्रा के बारे में पूरी जानकारी नहीं दी। इसी वजह से यह घटना हुई। घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।"
इसी के साथ उन्होंने जनता से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि राज्य के इतिहास में सांप्रदायिक हिंसा की ऐसी कोई घटना नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि लोगों को हिंसा के लिए उकसाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मोनू मानेसर और मामन खान पर बोले डिप्टी सीएम
उन्होंने यह भी कहा कि इलाके में शांति बनाए रखने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध थी, उनके अनुसार पिछले 12 घंटों में हिंसा की कोई घटना सामने नहीं आई है। वहीं मोनू मानेसर और मामन खान दोनों के बारे में पूछे जाने पर चौटाला ने कहा कि सांप्रदायिक हिंसा को बढ़ावा देने के लिए जिम्मेदार किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, चाहे वे किसी भी राजनीतिक दल से हों।
जानिए नूंह में क्या हुआ था?
31 जुलाई को नूंह जिले में वीएचपी की शोभा यात्रा निकाली जा रही थी। इस दौरान यात्रा पर पत्थरों से कथित हमले के बाद हिंसक झड़पें हुईं। लोगों की भीड़ ने आगजनी और तोड़फोड़ शुरू कर दी। इस हिंसा में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 100 से ज्यादा लोग घायल हैं।












Click it and Unblock the Notifications