शराब की फैक्ट्रियां चलाने की परमिशन पर घिरी हरियाणा सरकार, डिप्टी CM चौटाला ने दी सफाई
चंडीगढ़। लॉकडाउन पीरियड में शराब की फैक्ट्रियों को शुरू करने की अनुमति देने के बाद से ही हरियाणा सरकार सवालों के घेरे में हैं। सरकार ने कहा है कि, शराब की दुकानें भी अब बंद करा दी गई हैं। वहीं, उपमुख्यमंत्री (डिप्टी सीएम) दुष्यंत चौटाला ने भी सफाई दी। चौटाला ने कहा कि, सरकार कोई भी शराब का ठेका खोलने नहीं जा रही है। अभी जितनी भी डिस्टिलरीज हरियाणा में हैं, वहां पर बड़े पैमाने पर सैनिटाइजर बनाने का काम चल रहा है। ऐसे में इन शराब फैक्ट्रियों और डिस्टलरीज को चलने की अनुमति देनी पड़ी। किंतु कुछ लोग बेवजह इसका गलत मतलब निकाल रहे हैं।'

शराब की फैक्ट्रियां चलने से उठ रहे सवाल
चौटाला आगे बोले, ''हमारे यहां शराब के उत्पादन का एक बड़ा हिस्सा सैनिटाइटर बनाने में उपयोग किया जाता है। इसकी बानगी है- 70 लाख प्रूफ लीटर का स्टॉक, जिससे हमने 2 लाख प्रूफ लीटर की मात्रा में प्रतिदिन विभिन्न राज्यों में सैनिटाइज़र के लिए पहुंचाया था। इसके चलते प्रदेश में एल्कोहल की कमी हुई, इसलिए संबंधित विभाग ने हमसे एल्कोहल (शराब) का उत्पादन फिर से शुरू करने का अनुरोध किया। तब हमने पूरी क्षमता से एल्कोहल इंडस्ट्री को फिर शुरू करने का निर्णय लिया।'

बंद किए जाने आदेश से पहले खुले हुए थे ठेके
ज्ञातव्य है कि, लॉकडाउन के बावजूद हरियाणा में कई स्थानों पर शराब की दुकानें खुली पाई गईं। इससे सरकार की आलोचना होने लगीं। आलोचनाओं को देखते हुए सरकार ने शराब की दुकानों को बंद करने के आदेश दिए, जो कि गुरुवार रात 12 बजे से लागू हुए। इससे पहले दिल्ली से सटे गुरुग्राम, फरीदाबाद और सोनीपत समेते राज्य भर में शराब के ठेके दो दिन से खुले थे।

सुरजेवाला ने भी की थी आलोचना
हरियाणा के पूर्व मंत्री और कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने स्वास्थ्य संकट के दौरान शराब की दुकानें खुली रखने के लिए भाजपा-जेजेपी की सरकार पर सवाल उठाए थे। सुरजेवाला ने कहा था- 'सरकार दवा के बजाय दारू (शराब) को बढ़ावा दे रही है। जबकि लोग कोरोना-लॉकडाउन से जूझ रहे हैं, यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।'

कांग्रेस नेता दीपेंदर सिंह हुड्डा का वार
सुरजेवाला के अलावा कांग्रेस नेता दीपेंदर सिंह हुड्डा ने भी शराब दुकान खुली रखने पर राज्य सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा, 'प्रधानमंत्री मोदी की लॉकडाउन अपील का पूर्ण पालन करने के बदले हरियाणा में बीजेपी-जेजेपी सरकार शराब के ठेकों को खोलकर जनता की सेहत से खेल रही है।'












Click it and Unblock the Notifications