अंबाला के लखनौर साहिब गुरुद्वारे पहुंचे सीएम खट्टर, मत्था टेककर प्रदेशवासियों के लिए की अरदास
Guru Gobind Singh Jayanti 2024: गुरु गोबिंद सिंह जयंती के अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर बुधवार 17 जनवरी को अंबाला पहुंचे। यहां सीएम खट्टर ने श्री लखनौर साहिब गुरुद्वारा में मत्था टेका और अरदास की। इस दौरान उन्होंने गुरु गोबिंद सिंह जी की जयंती पर प्रदेशवासियों को बधाई दी।
अंबाला के श्री लखनौर साहिब गुरुद्वारा में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के मत्था टेकने का वीडियो न्यूज़ एजेंसी एएनआई ने जारी किया है। बता दें कि सीएम खट्टर ने श्री गुरू गोबिंद सिंह जयंती के पावन अवसर पर श्री लखनौर साहिब गुरुद्वारा में मत्था टेका और देश व प्रदेशवासियों की समृद्धि के लिए अरदास की।

सीएम खट्टर ने अपने ऑफिशियल एक्स हैंडल पर लिखा, 'पटना साहिब में जन्मे, पूजनीय दसवें गुरु श्री गुरु गोबिंद सिंह जी ने मानवता की रक्षा में अपना सब कुछ न्योछावर कर के राष्ट्रभक्ति, धर्मनिष्ठा, बलिदान एवं वीरता का अप्रतिम उदाहरण स्थापित किया। उनके द्वारा दिया गया सेवाभाव, प्रेम, एकता और भाईचारे का संदेश सदैव हमारा मार्गदर्शन करता रहेगा एवं आने वाली पीढ़ियों को त्याग की प्रेरणा भी देता रहेगा।'
इस दौरान सीएम खट्टर ने एएनआई से बात करते हुए कहा कि आज गुरु गोविंद सिंह जी की जयंती है। यह पूरी दुनिया में बड़े उत्साह के साथ मनाया जाता है। लखनौर साहिब गुरु गोबिंद सिंह जी का ननिहाल है। इस अवसर पर सभी को मेरी शुभकामनाएं। इस दौरान उन्होंने आगे कहा कि हमारे गुरुओं के साहस, वीरता, बलिदान और योगदान को याद करना युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
सीएम खट्टर ने कहा कि श्री गुरु गोबिंद सिंह जी और उनके परिवार का इतिहास और वीरता हमें प्रेरित करती रहती है। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को गुरुद्वारा साहिब की पार्किंग की सुंदरता को टाइल्स से बढ़ाने और ऐतिहासिक कुएं को सुंदर बनाने का निर्देश दिए।












Click it and Unblock the Notifications