हरियाणा के CM खट्टर ने कहा- सिंघू बॉर्डर इलाके के लोगों ने मुझसे मिलकर सड़क खुलवाने की मांग की, समाधान होगा
सोनीपत। हरियाणा के दिल्ली से लगते बॉर्डर पर किसान संगठनों के आंदोलन की वजह से अवरुद्ध पड़ी सड़कों को सरकार खुलवाना चाहती है। वहीं, स्थानीय लोगों के समूह भी सड़कें खुलवाने के लिए गुहार लगा रहे हैं। इसी मुद्दे पर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने आज कहा कि, सोनीपत जिले के सिंघू बॉर्डर के आस-पास के गांवों के लोगों का एक प्रतिनिधिमंडल मुझसे मिलने आया। उन्होंने मुझसे सिंघू बॉर्डर तक सड़क-मार्ग खुलवाने की मांग की।

'जल्द ही समस्या का समाधान हो जाएगा'
हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि, मैंने स्थानीय लोगों के प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया है कि जल्द समस्या का समाधान कराएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि, सुप्रीम कोर्ट ने भी इसका संज्ञान लिया है। इसलिए हमें उम्मीद है कि जल्द ही समस्या का समाधान हो जाएगा।

CM ने कहा- अपने अधिकार को दमखम से लें
खट्टर ने हरियाणा भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा की प्रदेश कार्य समिति के सदस्यों से कहा कि, वे अपने अधिकारों को दमखम से लें। मुख्यमंत्री ने कहा कि, यदि कहीं अन्याय हो रहा है..तो अन्याय के खिलाफ खड़े होना अति आवश्यक है। यदि कोई अधिकारी योजना के लाभ की एवज में रिश्वत की मांग करता है तो उसकी शिकायत करें। ऐसे अधिकारी के खिलाफ तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि, हमारे कार्यकर्ताओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी होनी चाहिए ताकि जिनके लिए योजना बनाई गई है, उन तक लाभ पहुंच सके।

15 साल तक का बच्चा नहीं होगा स्कूल से ड्रॉपआउट
स्कूलों बच्चों को ड्रापआउट किए जाने की शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि, परिवार पहचान पत्र का डाटा पूरी तरह से वेरिफाई हो जाने के बाद 5 साल से 15 साल तक का कोई भी बच्चा स्कूल से ड्रॉपआउट नहीं होगा। हर बच्चे को ट्रैक किया जाएगा ताकि वह शिक्षा के अधिकार से वंचित न रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि, सूबे में अब चौपालों में लाइब्रेरी स्थापित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि, अनुसूचित जाति की चौपालों में लाइब्रेरी की व्यवस्था करने के लिए जल्द ही सर्वे कराकर योजना को सिरे चढ़ाया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications