हरियाणा: निकाय चुनाव से पहले खट्टर ने दी सौगात, 57 करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन
मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने शनिवार को हिसार में करीब 57 करोड़ रुपये की आधा दर्जन से ज्यादा परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।
हिसार, 29 मई: हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने शनिवार को हिसार में करीब 57 करोड़ रुपये की आधा दर्जन से ज्यादा परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। सरकार की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक, सीएम खट्टर ने राजस्व विभाग के आवासीय क्वार्टर, नारनौंद सब-डिवीजन, बास में तहसील परिसर और खेड़ी चोपता में एक महिला कॉलेज का उद्घाटन किया। इसके अलावा मनोहर लाल खट्टर ने लोहारी व हिसार वाटर वर्क्स में बनने वाले 33 केवी सब-स्टेशन और आजाद नगर में जलापूर्ति परियोजना की आधारशिला भी रखी।

इससे पहले हिसार में ही भारतीय जनता पार्टी की राज्य कार्यकारिणी की बैठक हुई और सीएम खट्टर इसमें शामिल हुए। बैठक के बाद सीएम खट्टर ने बताया कि हरियाणा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ओपी धनखड़ की अध्यक्षता में प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक सफल रही और कई अहम बिंदुओं पर चर्चा हुई। सीएम खट्टर ने बताया, 'बैठक में आने वाले नगर निकाय चुनाव पर चर्चा की गई। इसके अलावा आगामी राज्यसभा चुनावों पर चर्चा के लिए जल्द ही भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक भी होगी।'
राज्य कार्यकारिणी की इस बैठक में भारतीय जनता पार्टी के हरियाणा प्रभारी विनोद तावड़े, केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, प्रदेश के सभी सांसद, विधायकों और पार्टी के 250 से ज्यादा पदाधिकारियों ने भाग लिया।












Click it and Unblock the Notifications