Haryana Chunav 2024: हुड्डा-शैलजा में अभी भी 'सियासी मनमुटाव', शैलजा के सामने अब क्या खेला होने वाला है?
Kumari Selja vs Bhupendra Singh Hooda: सियासत में संकेतों की अपनी भाषा है। अपने संदेश हैं। खासकर चुनावों के समय में। कई बार तस्वीर के जरिए ही बिन बोले बहुत कुछ कह दिया जाता है। इसका ताजा उदाहरण हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 में कांग्रेस की चुनावी रैली हाल ही देखने को मिला है।
बीते दिनों हरियाणा चुनाव 2024 में अंबाला के नारायणगढ़ में राहुल गांधी की एक चुनावी रैली हुई, जिसमें राहुल गांधी हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा व सिरसा सांसद कुमारी शैलजा के हाथ मिलाते नजर आए। तस्वीर खूब वायरल हुई।
यह भी पढ़ें- हरियाणा चुनाव 2024: क्या भूपेंद्र सिंह हुड्डा व कुमारी सैलजा में हो गया पेचअप? राहुल गांधी ने मिलवाए हाथ

हरियाणा की सियासत के जानकारों का कहना है कि इस वायरल तस्वीर के जरिए कांग्रेस हरियाणा में यह संदेश देना चाह रही है कि सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा व सिरसा सांसद कुमारी शैलजा के बीच पेचअप हो गया। दोनों दिग्गज नेताओं के बीच सबकुछ ठीक चल रहा है।
इधर, भाजपा का मानना है कि जिस समय राहुल गांधी हरियाणा में कांग्रेस के अंतर्कलह पर पर्दा डालने की कोशिश कर रहे हैं, उसी समय कुमारी शैलजा के मंच से आवाज उठी कि 'हुड्डा की कांग्रेस को हरियाणा से दफा करो।'
भाजपा आईटी सेल के राष्ट्रीय संयोजक अमित मालविया सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर यह भी लिखते हैं कि 'राहुल गांधी के 'हम आरक्षण हटा देंगे' वाले बयान से दलित समाज आहत और आक्रोशित है। 5 अक्टूबर को हरियाणा से कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो जाएगा।'
शैलजा को सोची-समझी रणनीति से निपटाया!
दरअसल, कांग्रेस हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 में 90 में से 89 सीटों पर प्रत्याशी उतारे हैं। भिवानी की एक सीट सीपीआईएम के लिए छोड़ी है। इस बार के हरियाणा चुनाव में कांग्रेस ने दलित नेता कुमारी शैलजा को सोची-समझी रणनीति के तहत निपटा दिया।
हुड्डा से शैलजा की लंबे से बातचीत नहीं
सोशल मीडिया पर कुमारी शैलजा का The Lallantop इंटरव्यू का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें शैलजा से पूछा गया कि मंचों पर आप और हुड्डा की मुलाकात खूब होती है, मगर हुड्डा से आपकी आखिरी बार बात कब हुई? सवाल के जवाब में काफी देर तक सोचने के बाद शैलजा बोलीं कि कोशिश कर रही हूं याद करने की। फिर शैलजा ने हंसते हुए कहा कि काफी टाइम बीत गया।
टिकट वितरण में हुड्डा गुट की चली
कुमारी शैलजा को हरिणाया विधानसभा चुनाव में कम तवज्जो मिलने की बानगी टिकटों के वितरण में देखने को मिली। कांग्रेस उम्मीदवारों की पहली सूची में 32 में से 28 उम्मीदवार पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के गुट के थे। बाद की अन्य सूचियों में भी शैलजा की बजाय हुड्डा की ज्यादा चली।
टिकट वितरण के बाद प्रचार से शैलजा की प्रचार से दूरी
टिकट वितरण के बाद कुमारी शैलजा ने खुद को चुनाव प्रचार से दूर कर लिया था। शैलजा ने कांग्रेस सीएम पद की दावेदारी भी जता रही थी और चुनाव लड़ने की इच्छा भी, मगर शैलजा के दोनों ही ख्वाब अधूरे रहे और कांग्रेस की आपसी फूट जगजाहिर हो गई। अब नारायणगढ़ रैली में राहुल गांधी हुड्डा व शैलजा के बीच पेचअप कराते दिखे।
5 को मतदान, 8 को मतगणना
हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 आखिरी दौर में पहुंच चुका है। चुनाव प्रचार का शोर थमने ही वाला है। 5 अक्टूबर को मतदान व 8 अक्टूबर को मतगणना होगी। कांग्रेस हरियाणा की सत्ता में 10 साल बाद वापसी के लिए जोर लगा रही है।
यह भी पढ़ें- हम साथ साथ हैं? कांग्रेस नेता कुमारी शैलजा और भूपेंद्र सिंह हुड्डा की एक तस्वीर वायरल,जानिए सच्चाई












Click it and Unblock the Notifications