haryana budget 2021-22: खट्टर सरकार का बजट आया, जानिए महिलाओं, किसानों-युवाओं को क्या कुछ दिया?
चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने आज विधानसभा में वित्त वर्ष 2021-22 का बजट पेश किया। उनके द्वारा खेती-किसानी, महिलाओं और विद्यार्थियों को ध्यान में रखते हुए कई अहम घोषणाएं की गईं। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा- "कोरोना काल में दान करने के लिए पेंशन भोगियों, विधायकों और सांसदों का दिल से आभार, प्रदेश की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाना हमारी सरकार का एक मुख्य लक्ष्य है।"
Recommended Video

हरियाणा बजट 2021-22 की घोषणाएं
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि, वर्ष 2021-22 के लिए प्रदेश के लिए 1 लाख 55 हजार 645 करोड़ रुपये के बजट रखा गया है। यह 2020-21 बजट के संशोधित अनुमानों से 13% अधिक है। बजट में 38718 करोड के पूँजीगत खर्च और 116927 करोड़ रूपये के राजस्व खर्च का प्रस्ताव किया।

'मुख्यमंत्री अंत्योदय उत्थान अभियान'
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बजट में 'मुख्यमंत्री अंत्योदय उत्थान अभियान' की घोषणा की। इस अभियान के तहत 1 लाख निर्धनतम परिवारों की पहचान करके उनका आर्थिक उत्थान सुनिश्चित किया जाएगा।

देश का पहला ऐसा राज्य बना हरियाणा
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि, हरियाणा देश का पहला राज्य है जिसने आत्मनिर्भर भारत पहल के अंतर्गत 'डिस्ट्रेस राशन टोकन स्कीम' लागू की जिसके तहत ऐसे परिवारों को प्रति परिवार 5 किलो गेहूं और 1 किलो दाल दी गई जिनके पास राशन कार्ड नहीं थे।

वृद्धावस्था पेंशन बढ़ाई
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने घोषणा की- "राज्य सरकार वृद्धावस्था पेंशन को बढाकर 2500 रुपये महीना कर रही है। यह बढ़ौतरी 1 अप्रैल से लागू होगी। इस लाभ लाखों बुजुर्गों को मिलेगा।

किसान मित्र योजना शुरू होगी
मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने किसान मित्र योजना शुरू करने की घोषणा की। इस योजना के तहत किसानों को कई सुविधाएँ प्रदान की जाएंगी। योजना में विभिन्न बैंकों की साझेदारी में राज्य में 1000 किसान एटीएम स्थापित करने की परिकल्पना की गई है।

पुलिस बल में महिलाओं की संख्या बढ़ाई
मुख्यमंत्री बोले- हरियाणा में पुलिस बल में महिलाओं की संख्या बढ़ाकर 15 प्रतिशत करने की हमारी सरकार की योजना है। उन्होंने कहा कि, गुरुग्राम में महिला बटालियन, हिसार में पुलिस प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किए जाएंगे।

9वीं से 12वीं तक मुफ्त पढ़ेंगे विद्यार्थी
मुख्यमंत्री ने ऐलान किया- 'प्रदेश में अब 9वीं से 12वीं तक के सभी बच्चों को मुफ्त शिक्षा मिलेगी। उन्होंने कहा कि, 192 करोड़ रुपये गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए आवंटित किए गए हैं। मुख्यमंत्री यह भी बोले कि, विश्वकर्मा कौशल विश्विद्यालय में 9वी से आगे के विद्यार्थियों को दाखिला के लिए फीडर स्कूल बनेगा। विश्वकर्मा कौशल रथ नाम से मोबाइल IT लैब भी विकसित की जाएगी।

पिंजौर और गुरुग्राम बनेंगे फिल्म सिटी
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि, पिंजौर व गुरुग्राम फिल्म सिटी के तौर पर विकसित किए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि, प्रदेश के हिसार, करनाल, पिंजौर और नारनौल में हवाई अड्डों पर नाइट लैंडिंग हो सकेगी।

इन विभागों को भी करोड़ों दिए
मुख्यमंत्री ने बताया कि, इस बार के बजट में पुलिस विभाग को 5779, नगर एवं ग्राम योजना विभाग को 1121, पर्यटन को 113, खनन को 73, पुरातत्व व अभिलेखागार को 143, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को 281 करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने ऐलान किया कि, सूबे में अभी बिजली व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए कदम उठाए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि, हमारी सरकार ने फसल अवशेषों के प्रबंधन के लिए एक अभियान शुरू किया है। किसानों को सब्सिडी के आधार पर 10,042 मशीनें प्रदान की गईं और 1,345 कस्टम हायरिंग सेंटर खोले गए हैं।
उन्होंने कहा कि, किसानों से 29,950 करोड़ 2020-21 के दरम्यान खरीद एमएसपी के आधार पर की। अन्य हितधारकों के लिए 1800 करोड़ रु. दिए। रबी सीजन में यानी कि 2021-22 में गेहूं का लगभग 81.00 लाख मीट्रिक टन और सरसों का 7 लाख मीट्रिक टन और बाजरा की 7 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद होगी।













Click it and Unblock the Notifications