Haryana Election: आप ने जारी की छठी लिस्ट, 19 उम्मीदवारों का ऐलान
हरियाणा में विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच गठबंधन की उम्मीदें अब खत्म हो गई हैं। आम आदमी पार्टी एक के बाद एक लगातार उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर रही है। पार्टी की ओर से छठी लिस्ट भी जारी कर दी गई है, जिसमे 19 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया गया है। आम आदमी पार्टी ने अभी तक कुल 89 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया है।
इससे पहले बुधवार को आप ने अपनी चौथी और पांचवीं सूची भी जारी की। चौथी सूची में 21 उम्मीदवारों के नाम थे, जबकि पांचवीं सूची में नौ नाम शामिल थे। शाम को छठी सूची में 19 अतिरिक्त उम्मीदवारों के नाम शामिल किए गए।

आप की ताजा सूची में कालका से ओपी गुज्जर, पंचकूला से प्रेम गर्ग और अंबाला शहर से केतन शर्मा शामिल हैं। अन्य प्रमुख उम्मीदवारों में मुलाना से गुरतेज सिंह, शाहबाद से आशा पठानिया और पेहोवा से गेहल सिंह संधू शामिल हैं।
इनके अलावा राकेश खानपुर गुहला से, रितु अरोड़ा पानीपत सिटी से और वजीर सिंह जींद से चुनाव लड़ेंगे। अनिल रंगा नरवाना से और दलजीत सिंह तोशाम से चुनाव लड़ेंगे।
जुलाना में मुकाबला काफी दिलचस्प है। कांग्रेस ने इस सीट पर पहलवान विनेश फोगाट को उतारा है। जवाब में आप ने कविता दलाल को उम्मीदवार बनाया है, जो खुद पहलवान हैं। इससे जुलाना में रेलकर्मी बनाम पहलवान की अनोखी लड़ाई देखने को मिलेगी।
अगर कांग्रेस और आप के बीच गठबंधन होता तो विनेश फोगाट उनकी संयुक्त उम्मीदवार होतीं। लेकिन गठबंधन न होने की वजह से दोनों पार्टियां स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ रही हैं।
बता दें कि हरियाणा विधानसभा चुनाव 5 अक्टूबर को होने हैं। मतगणना 8 अक्टूबर को होगी। पिछले कुछ दिनों से कांग्रेस और आप के बीच गठबंधन को लेकर चर्चा हो रही थी, खुद राघव चड्ढा ने इसकी पुष्टि की थी, लेकिन तमाम कोशिशों के बाद भी सीटों के बंटवारे पर दोनों पार्टी में सहमति नहीं बन सकी, जिसके बाद आप ने अकेले ही चुनाव लड़ने का फैसला लिया












Click it and Unblock the Notifications