शादीशुदा बेटा आधी रात को घर लेकर आया प्रेमिका, फिर मामूली बात पर सबके सामने की उसकी हत्या
पलवल। हरियाणा के पलवल जिले के गांव जोधपुर में एक सिरफिरे युवक ने कुल्हाड़ी से हमला कर प्रेमिका की हत्या कर दी। इतना ही नहीं बल्कि उसने अपने पिता पर भी कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला किया, जिससे उसका पिता घायल हो गया। इसके बाद आरोपी वहां से भाग गया। आरोपी का घायल पिता लहुलुहान हुई उसकी प्रेमिका को लेकर सिविल अस्पताल पहुंचा, जहां पर चिकित्सकों ने उसको मृत घोषित कर दिया।

सतीश पहले भी कर चुका जानलेवा हमले
पलवल सदर पुलिस थाने के जांच अधिकारी एएसआई धर्मपाल ने बताया कि मृतका प्रेमिका के पिता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ नामजद मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पलवल सिविल अस्पताल में उपचारधीन गांव जोधपुर निवासी किसन ने पुलिस को बताया कि उसका बेटी सतीश अपराधी प्रवृति का है। उसके खिलाफ पहले भी जानलेवा हमला करने का मामला दर्ज हैं।

आरोपी की पत्नी उसे छोड़ गई
सतीश शादी शुदा है। मारपीट करने के कारण उसकी पत्नी उसे छोड़कर चली गई। सतीश पिछले कई माह से घर से फरार चल रहा था। रविवार को सतीश एक महिला को लेकर घर आया और उसे अपनी दोस्त बताया। रात करीब दस बजे सतीश व उसकी महिला दोस्त के बीच अचानक झगड़ा शुरू हो गया। शोर सुनकर किसन व आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे। तब सतीश अपनी प्रेमिका से कहीं बाहर चलने की बात कह रहा था जबकि महिला बाहर जाने से मना कर रही थी।

कार पर भी किया हमला
इसी दौरान पीड़ित ने बेटे सतीश से कहा कि जब 'तू इसे ले ही आया तो रात के समय यहीं रहने दे'। इतना कहते ही सतीश ने कुल्हाड़ी से पीड़ित के सिर पर हमला कर दिया। इसके बाद सतीश ने उस महिला पर कुल्हाड़ी से ताबडतोड़ हमला कर दिया। पीड़िता पिता बेटे की प्रेमिका को कार में लेकर उपचार के लिए जब अस्पताल ला रहा था तो सतीश ने कार पर भी हमला कर क्षतिग्रस्त कर दिया। अस्पताल में चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।

प्रेमिका का चल रहा तलाक का केस
पुलिस जांच अधिकारी एएसआई धर्मपाल ने बताया कि मृतका महिला रितू के पिता रमेश चंद निवासी भौंड़सी (गुरुग्राम) ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसने अपनी बेटी रितू की शादी वर्ष 2012 में पलवल निवासी संजय नामक युवक के साथ की थी। रितू के दो बच्चे हैं। उसका लगभग छह-सात माह पहले पति संजय से झगड़ा हो गया। जिसका तलाक का मामला अदालत में विचारधीन था।

मृतका के पिता की रिपोर्ट पर मामला दर्ज
रितू की दोस्ती किसी तरह जोधपुर गांव निवासी सतीश से हो गई। सोमवार सुबह सूूचना मिली कि उसकी बेटी रितू की सतीश ने कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही वह अस्पताल पहुंचा और आरोपी के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया। आरोपी फिलहाल फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications