प्रदर्शन की फोटो नहीं खींचने पर गौरक्षकों ने छात्र को चाकुओं से गोदा
गौ रक्षा सेवा दल के लोग पिछले शनिवार को केरल में गाय काटे जाने की घटना से नाराज थे और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा दर्ज करने की मांग कर रहे थे।
सोनीपत (हरियाणा)। हरियाणा के सोनीपत में तथाकथित गौरक्षकों ने बीए सेकेंड ईयर के छात्र शिवम को चाकुओं से गोद दिया। वे शिवम को जर्नलिस्ट समझ बैठे थे और चाकुओं से इसलिए गोद डाला, क्योंकि वह उनके विरोध प्रदर्शन के फोटो नहीं खींच रहा था।

छात्र का पत्रकार समझकर किया हमला
जानकारी के मुताबिक, घटना गुरुवार की है, जब गौरक्षकों का एक समूह जिलाधिकारियों के सामने विरोध प्रदर्शन कर रहा था। गौ रक्षा सेवा दल के लोग पिछले शनिवार को केरल में गाय काटे जाने की घटना से नाराज थे और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा दर्ज करने की मांग कर रहे थे।
तथाकथित गौरक्षक जब प्रदर्शन कर रहे थे, तभी शिवम एक फोटो जर्नलिस्ट के साथ घटनास्थल पर पहुंचा। उसके पास कैमरा था। गौरक्षकों ने उससे फोटो खींचने को कहा। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, शिवम ने फोटो खींचने से इनकार कर दिया था। इसी बात को लेकर शिवम का प्रदर्शनकारियों से विवाद हो गया।
पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शन खत्म होने के बाद गौरक्षकों ने उसे मार्केट में घेरा और पेट व सीने पर चाकुओं से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। मुख्य आरोपी का नाम मोहित है, जिसे अरेस्ट कर लिया गया है। मोहित की उम्र 19 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस को इस मामले में दो और संदिग्धों की तलाश है। बताया जा रहा है कि ये दोनों मोहित के ही रिश्तेदार हैं।












Click it and Unblock the Notifications