भाजपा की सभा से लौट रहे पूर्व सरपंच की हत्या, घर के पास गोलियों से भूना
भिवानी। हरियाणा में भिवानी के बडेसरा में भाजपा की चुनावी सभा खत्म होने के बाद पूर्व सरपंच अपने घर लौट रहे थे। वह घर के पास पहुंचे ही थे कि बाइक सवार हमलावरों ने उन पर फायरिंग कर दी। गोलियों की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। घायल पूर्व सरपंच ने वहीं दम तोड़ दिया। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाश को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया और मामले की जांच शुरू कर दी।

हत्या की वजह चुनावी रंजिश
भिवानी के गांव बडेसरा में पूर्व सरपंच की हत्या में चुनावी रंजिश की बात सामने आ रही है। दो पक्षों की चुनावी रंजिश की आग पांच साल बाद भी शांत नहीं हो पाई और बताया जा रहा है कि एक पक्ष के लोगों ने भाजपा की सभा से घर लौट रहे पूर्व सरपंच पवन को मौत के घाट उतार दिया।
2015 में शुरू हुआ खूनी खेल
सरपंच चुनाव को लेकर वर्ष 2015 में दोनों पक्षों के बीच यह खूनी खेल शुरू हुआ था जिसमें अभी तक परिवार के तीन सदस्यों की जान जा चुकी है। गांव बडेसरा में पांच साल पहले सुदेश देवी सरपंच बनी थी। चुनावी रंजिश में आठ जुलाई 2017 को पवन के भाई बलजीत व पिता भले राम की हत्या हुई थी।
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला
पुलिस की आरंभिक जांच में सामने आया है कि हमलावरों ने पवन को चार गोलियां मारीं। एक गोली उनकी आंख पर और एक पसलियों में लगी जबकि दो गोलियां पीठ में लगी हैं। डीएसपी व एसएचओ ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी।












Click it and Unblock the Notifications