Haryana Chunav: 'पीठ में छुरा घोंपा', टिकट कटने पर कांग्रेस में घमासान, पूर्व MLA हुए बागी
Haryana Chunav: हरियाणा के पूर्व कांग्रेस विधायक ललित नागर ने आगामी 5 अक्टूबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए टिकट न मिलने पर गहरी निराशा जाहिर की है। फरीदाबाद के तिगांव में अपने समर्थकों को संबोधित करते हुए उन्होंने डबडबाई आंखों के बीच कहा कि उनके साथ विश्वासघात हुआ।
वे बोले, 'मैंने आप सभी को यह सोचकर आमंत्रित किया था कि मैं हवन करूंगा और फिर आज कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन दाखिल करूंगा। लेकिन हमारे कुछ दुश्मनों ने साजिश रची और मेरी राजनीतिक हत्या करने का प्रयास किया।'

ललित नागर तिगांव विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने के लिए आशान्वित थे। लेकिन, कांग्रेस ने उनकी जगह रोहित नागर को चुना। इस फैसले से शारदा राहोर और जीतेंद्र कुमार भारद्वाज जैसे टिकट के अन्य उम्मीदवारों में भी नाराजगी है, जिन्होंने पार्टी के चयन पर अपनी नाराजगी भी जताई है।
बल्लभगढ़ से टिकट की उम्मीद रखने वाली एक और पूर्व विधायक शारदा राहोर भी टिकट न मिलने पर अपने समर्थकों के सामने रो पड़ीं। उनके समर्थकों ने दावा किया कि पार्टी ने उनके साथ 'विश्वासघात' किया है। इसी तरह गुरुग्राम के सोहना विधानसभा क्षेत्र में पार्टी के वरिष्ठ नेता जितेन्द्र कुमार भारद्वाज को मजबूत दावेदार होने के बावजूद टिकट नहीं दिया गया।
भारद्वाज ने सोशल मीडिया पर अपनी निराशा व्यक्त करते हुए लिखा, 'माफ करना दोस्तों, आज सेवा, समर्पण और निष्ठा की हार हुई।' कांग्रेस ने रोहताश खटाना को सोहना से अपना उम्मीदवार घोषित किया है। खटाना नए सदस्य हैं, जो पहले जेजेपी से जुड़े थे।
ललित नागर ने अपने समर्थकों से कहा कि उन्हें टिकट मिलने की उम्मीद थी, लेकिन पार्टी के भीतर षड्यंत्रकारियों ने उन्हें धोखा दिया। उन्होंने तिगांव से रोहित नागर को उम्मीदवार बनाए जाने की आलोचना करते हुए कहा, 'अगर मेरी पार्टी ने कोई मजबूत उम्मीदवार उतारा होता तो मैं समझ सकता था। लेकिन ऐसे उम्मीदवार को टिकट दिया गया है जिसे लोग जानते तक नहीं हैं।' उनके समर्थकों ने उन्हें निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ने का सुझाव दिया।
हरियाणा में सत्तारूढ़ भाजपा भी कुछ नेताओं को टिकट न देने के बाद आंतरिक असंतोष का सामना कर रही है। हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों के लिए मतदान 5 अक्टूबर को होना है, जबकि मतों की गिनती 8 अक्टूबर को होगी। ललित नागर ने अपने समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा, 'अब आपको मेरा चुनाव लड़ना होगा।'












Click it and Unblock the Notifications