बिजली की बड़ी लाइनों का हरियाणा में बनेगा डिजिटल नक्शा, सरकार यह क्यों करा रही यहां जानिए फायदा
चंडीगढ़। हरियाणा में अब बिजली की बड़ी लाइनों का डिजिटल नक्शा बनेगा। यह कवायद प्रदेश स्तर पर बेहतर बिजली-सुविधा के लिए होगी। दरअसल, प्रदेशभर में बिजली विभाग की बड़ी लाइनें नजर आती हैं, किंतु इनका रिकार्ड देखना हो तो मैनुअल दस्तावेजों का प्रयोग होता है। इन दस्तावेजों में लाइन की जानकारी कम ही होती है। ऐसे में कई बार कर्मचारियों को यह पता नहीं चल पाता कि कौन सी बिजली की लाइन कहां-कहां से होकर गुजरी है। यदि विभाग के पास सटीक जानकारी होगी तो वह अच्छी प्लानिंग कर सकता है।

यही ध्यान में रखते हुए बिजली विभाग की इस समस्या को दूर करने का काम हरियाणा स्पेस एप्लीकेशन सेंटर (हरसेक) करेगी। रियाणा स्पेस एप्लीकेशन सेंटर (हरसेक) के जियोग्राफिक इन्फोर्मेशन सिस्टम यानि की मैपिंग के माध्यम से बिजली की लाइनों को प्रदेशभर में डिजिटली रेखांकित किया जाएगा। डिजिटल मैपिंग का काम होगा तो अधिकारियों को नीतियां बनाने में भी आसानी रहेगी। अधिकारी पता कर पाएंगे कि बिजली विभाग के पास कितने संसाधन हैं और किस-किस स्तर के हैं। इस बारे में हरियाणा स्पेस एप्लीकेशन सेंटर (हरसेक) के निदेशक डा. वीएस आर्य ने अहम बात कही है।

हरियाणा स्पेस एप्लीकेशन सेंटर (हरसेक) के निदेशक डा. वीएस आर्य का कहना है कि, बिजली विभाग की प्रदेशभर में फैली बड़ी लाइनों को तकनीक के माध्यम से मैपिंग करेंगे। इस काम के होने के बाद विभाग को कार्यों में योजना तैयार करने में आसानी रहेगी। उन्होंने कहा कि, हरियाणा स्पेस एप्लीकेशन सेंटर (हरसेक) द्वारा मैपिंग किए जाने के पीछे की वजह बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाना है। सरकार की प्राथमिकता के मुताबिक बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रदेश स्तर से कई नीतियां बनती रहती हैं। हम जो करने वाले हैं, उसके अनुसार, बड़ी लाइनों की जानकारी कागजों से निकलकर डिजटल रूप से संरक्षित हो सकेगी।












Click it and Unblock the Notifications