विधानसभा उपाध्यक्ष ने प्लाज्मा डोनेट किया, विज बोले- ऑक्सीजन में आत्मनिर्भर होंगे, पहला राज्य हरियाणा होगा
चंडीगढ़। हरियाणा में विधानसभा के उपाध्यक्ष (डिप्टी स्पीकर) रणबीर गंगवा ने कोरोना मरीजों के लिए अपना प्लाज्मा डोनेट किया। इस दौरान गंगवा ने कोरोना के संक्रमण से मुक्त होने वालों से अपील की कि वे भी अपना प्लाज्मा डोनेट करें और लोगों की जान बचाएं। उधर, प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि, राज्य सरकार कोरोना मरीजों के लिए सभी आवश्यक कदम उठा रही है।

अनिल विज ने बताया कि, प्रदेश के पानीपत एवं हिसार जिलों में 500-500 बेड के कोविड हॉस्पिटल तैयार किए जा रहे हैं। अस्थाई रूप से बनने वाले इन अस्पतालों का काम पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा किया जा रहा है। जो कि, हफ्तेभर में शुरू हो जाएंगे। साथ ही उन्होंने बताया कि, मैन पावर की कमी न हो, इसके लिए आयुर्वेदिक व होम्योपैथिक विभाग में कार्यरत सभी लोगों की कोविड में ड्यूटियां लगाई गई हैं। स्वास्थ्य मंत्री यह भी बोले- "50 बेड से ज्यादा वाले अस्पताल को ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट लगाना जरूरी रहेगा।"

मंत्री ने कहा, "50 बेड वाले अस्पतालों में 200 लीटर प्रति मिनट उत्पादन के 9 ऑक्सीजन जेनरेशन प्लांट लगने हैं। जिनमें रतिया, वल्लभगढ़, पटौदी, सोहना, हांसी, होडल, समालखा, कलायत, गुहला के पीएससी शामिल हैं।" स्वास्थ्य मंत्री ने आगे कहा, "500 लीटर प्रति मिनट के ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट जो कि डीआरडीओ द्वारा 100 बेड वाले अस्पताल में लगाए जाने हैं। जिनमें नारायणगढ़, चरखी दादरी, फतेहबाद, पलवल, कुरुक्षेत्र, शाहबाद मारकंडा, जगाधरी, रोहतक, झज्जर, नारनौल मांडीखेड़ा शामिल हैं।"
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा, "200 बेड वाले 16 अस्पतालों में 1000 लीटर प्रति मिनट उत्पादन क्षमता वाले ऑक्सीजन जेनरेशन प्लांट लगेंगे। जो कि अंबाला सिटी, अंबाला कैंट, भिवानी, फरीदाबाद, गुरुग्राम, हिसार, करनाल, पानीपत, सोनीपत, कैथल, जींद, यमुनानगर, सिरसा और पंचकूला के सरकारी अस्पताल शामिल हैं।" उन्होंने कहा, "स्वास्थ्य कर्मचारियों को पहले से ही फ्रंटलाइन वर्कर्स माना गया है। सभी अस्पतालों को ऑक्सीजन के मामले में आत्मनिर्भर जल्दी बनाने के लिए सरकार प्रयासरत है।"
हरियाणा ऐसा पहला राज्य होगा
स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा, "हरियाणा में प्राइवेट अस्पतालों में 6 माह के अंदर सभी अपने अस्पतालों की क्षमता के अनुसार ऑक्सीजन जेनरेशन प्लांट लगाने के आदेश पहले से ही जारी हो चुके हैं।" उन्होंने कहा कि, "हरियाणा ऐसा पहला राज्य होगा जिसमें आने वाले समय में सभी अस्पताल ऑक्सीजन के मामले में आत्मनिर्भर हो जाएंगे।"












Click it and Unblock the Notifications