सिख कौम एक महान कौम,देश और धर्म की रक्षा के लिए हमेशा बड़ी कुर्बानियां दी: CM सैनी
Haryana News: आज देश के कोने कोने में वीर बाल दिवस कार्यक्रम को मनाया जा रहा है। इस अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में हिस्सा लिया। हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने 'वीर बाल दिवस' के अवसर पर लोगों से गुरु गोबिंद सिंह जी के साहिबजादों द्वारा दिए गए बलिदानों से प्रेरणा लेने का आह्वान करते हुए अभिभावकों से आग्रह किया वे अपने बच्चों को साहिबजादों की तरह साहस, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा का महत्व सिखाएं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सिख कौम एक महान कौम है। सिख धर्म ने हमेशा देश और धर्म की रक्षा के लिए बड़ी कु्र्बानियां दी हैं।
इस अवसर पर सीएम सैनी ने साहिबजादों की शहादत को समर्पित पुस्तक का भी विमोचन किया और सभी धर्म गुरुओं एवं सामाजिक संस्थानों से आग्रह करते हुए कहा कि वे नशे जैसी सामाजिक बुराई के खिलाफ एकजुट होकर जन आंदोलन चलाएं, ताकि इस गंभीर समस्या को जड़ से खत्म किया जा सके। उन्होंने कहा कि आज के शुभ अवसर पर युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखने का संकल्प ले। सीएम ने कहा कि पीएम मोदी को मैं धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने शहीदी दिवस को वीर बाल दिवस के रुप में मनाने का निर्णय लिया।

पीएम मोदी ने शहीदी दिवस को हर वर्ष 'वीर बाल दिवस मनाने का निर्णय लिया
सीएम सैनी ने वीर साहिबज़ादों के शहीदी दिवस को हर वर्ष 'वीर बाल दिवस' के रूप में मनाने का निर्णय लेने के लिए पीएम मोदी का धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के प्रयासों से अब हर वर्ष 26 दिसंबर को 'वीर बाल दिवस' पूरे देश में श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि ये अद्भूत संयोग ही है कि महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी द्वारा प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार भी प्रदान किया गया।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के परिवार के सभी सदस्यों ने 20 से 27 दिसम्बर के ही दिन धर्म व आम जन की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहूति दी थी। गोविंद सिंह जी के परिवार की शहादत को दुनिया के इतिहास की सबसे बड़ी शहादत माना जाता है। धर्म की रक्षा के लिए वीर साहिबजादे बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह जी ने खुद को न्योछावर कर दिया था। साहिबजादों के त्याग, बलिदान और समर्पण को देश हमेशा 'वीर बाल दिवस' के रुप में याद रखेगा।
इस अवसर पर हरियाणा भाजपा अध्यक्ष मोहन लाल बडौली ने पीएम का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सिख गुरुओं के सर्वोच्च बलिदान का सम्मान करने के लिए मैं प्रधानमंत्री जी का धन्यवाद करता हूं। साथ ही उन्होंने गुरुओं और शहीदों को सम्मान देने के लिए सीएम सैनी का धन्यवाद व्यक्त किया। बडौली ने कहा कि आज भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा हर मंडल स्तर पर वीर बाल दिवस मनाया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications