हथिनी कुंड बैराज में सीएम मनोहर लाल खट्टर ने चलाई जेट स्की, वाटर स्पोर्ट्स का किया शुभारंभ
Haryana News: हरियाणा में पर्यटन को बढ़ावा देने की दृष्टि से आज यानी 08 नवंबर बहुत बड़ा दिन साबित हुआ है। जी हां...हरियाणा सीएम मनोहर लाल खट्टर ने हॉट एयर बैलून सफारी का उद्घाटन के बाद वॉटर स्पोर्ट्स एक्टिविटी का शुभारंभ किया। साथ ही, सीएम खट्टर ने हथिनी कुंड बैराज में जेट स्की चलाकर अद्भुत रोमांच का अनुभव भी लिया।
हरियाणा सीएम मनोहर लाल खट्टर आज पर्यटन के नाते से 4 राज्यों को जोड़ने वाले यमुनानगर के हथिनी कुंड बैराज पहुंचे। यहां वॉटर स्पोर्ट्स एक्टिविटी का शुभारंभ कर खुद भी जेट स्की चलाने का अद्भुत रोमांचक अनुभव किया। इस दौरान सीएम खट्टर ने कहा कि हरियाणा भारत की जनसंख्या का भले ही 2 प्रतिशत हो, लेकिन बावजूद इसके हम हरियाणवी हर क्षेत्र में अपनी धाक जमाए हुए हैं।

सीएम खट्टर ने कहा कि प्रदेश की प्रगति के सिलसिले को हम ऐसे ही आगे बढ़ाते रहेंगे। इसके अलावा उन्होंने हथिनी कुंड बैराज पर ही अटल पार्क का भी उद्घाटन किया। साथ ही, सीएम ने कहा कि हरियाणा में आने वाले वक्त में हम कुछ और जगहों को चिन्हित कर गतिविधियां शुरू करेंगे एवं कलेसर से कालका तक के इलाके को भी ट्रैक के रूप में विकसित करेंगे।
सीएम खट्टर ने मीडिया कर्मियों से बात करते हुए कहा कि पटियाला से पेहवा, पेहवा से कुरुक्षेत्र और यमुनानगर तक के 4 लेन सड़क निर्माण को लेकर केंद्र सरकार से बात की है। कहा कि आगामी 6 महीने में इस महत्वपूर्ण सड़क का निर्माण कार्य प्रारम्भ हो जाएगा। इससे पहले सीएम खट्टर ने पिंजौर में हॉट एयर बैलून सफारी का शुभारंभ किया।
सीएम ने कहा कि हरियाणा में वॉटर स्पोर्ट्स गतिविधियों के साथ-साथ अब पर्यटक हॉट एयर बैलून सफारी का भी मज़ा उठा सकेंगे। उन्होंने कहा कि आज गेट वे ऑफ हिमाचल कहे जाने वाले पिंजौर में हॉट एयर बैलून सफारी का शुभारंभ किया है। उन्होंने कहा कि पहली सफारी का अनुभव बेहद अच्छा रहा और सुरक्षा की दृष्टि से भी यह काफी सुरक्षित है।
इसे संचालित करने वाली कंपनी ने सुरक्षा सर्टिफिकेट प्राप्त किए हुए हैं। सफारी की शुरुआत होने से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा बल्कि रोजगार के अवसर भी मिलेंगे।












Click it and Unblock the Notifications