वायरल VIDEO ने बढ़ाई युविका चौधरी मुश्किलें, हरियाणा पुलिस ने दर्ज की FIR
नई दिल्ली, मई 29: एक्ट्रेस युविका चौधरी अपने एक वीडियो को लेकर मुश्किल में फंस गई हैं। अपने एक वीडियो ब्लॉग में उन्होंने कथित रूप से 'जातिवादी' शब्द का इस्तेमाल किया था। हरियाणा पुलिस ने शुक्रवार को एक दलित अधिकार कार्यकर्ता की शिकायत के बाद एक्ट्रेस के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अनुसूचित जाति अधिकार मंच के कार्यकर्ता रजत कलसन ने 26 मई को हांसी की पुलिस अधीक्षक नितिका गहलोत को शिकायत की थी।

शिकायतकर्ता की शिकायत के बाद साइबर सेल द्वारा औपचारिक जांच के बाद शुक्रवार को शहर थाने में युविका चौधरी के खिलाफ एक एफआईआर दर्ज कर दी गई। एफआईआर अनुसूचित जाति व जनजाति अत्याचार अधिनियम की धारा 3 (1) (यू) के तहत दर्ज की गई है जो कि गैर जमानती है। कलसन ने बताया कि जल्द ही पुलिस इस मामले में युविका चौधरी को जांच में शामिल होने के लिए नोटिस जारी करेगी, जिसके बाद उनकी संभावित गिरफ्तारी हो सकती है।
गौरतलब है कि युविका चौधरी ने अपने यूट्यूब चैनल के नए वीडियो में कथित तौर पर एक 'जातिवादी' शब्द का इस्तेमाल किया था जिसमें उनके पति प्रिंस नरूला नजर आए थे। एक्ट्रेस का वीडियो 25 मई को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसकी व्यापक आलोचना हुई। गुस्साए नेटिज़न्स सोशल मीडिया पर 'अरेस्ट युविका चौधरी' ट्रेंड करने लगे। फिर पूर्व 'बिग बॉस' कंटेस्टेंट ने तुरंत ही ट्विटर पर माफी मांगते हुए कहा कि उन्हें विवादित शब्द का मतलब नहीं पता था।
उनके पति प्रिंस नरूला ने भी इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए अपनी पत्नी का समर्थन किया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अब गायब हो चुकी इंस्टाग्राम स्टोरी में प्रिंस नरूला ने खुलासा किया था कि 'उनमें से किसी को भी इस शब्द का मतलब नहीं पता था और जब उन्हें मैसेज मिले तो उन्होंने तुरंत इसे इंटरनेट पर देखा और बहुत बुरा महसूस किया'।












Click it and Unblock the Notifications